दुर्ग, 17 फरवरी। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। निगम सीमा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18, धमधा नाका स्थित एसएलआरएम सेंटर में 15वें वित्त आयोग मद से 1.62 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ट्रॉमिल मशीन स्थापित की गई है।
यह मशीन प्रतिदिन शहर से निकलने वाले मिश्रित (मिक्स) कचरे के वैज्ञानिक पृथक्करण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ट्रॉमिल मशीन के माध्यम से गीले और सूखे कचरे को अलग कर प्रभावी अपशिष्ट निष्पादन किया जाएगा। इससे लैंडफिल में जाने वाले कचरे की मात्रा में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम का यह प्रयास शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मशीन की उच्च विद्युत लोड क्षमता को देखते हुए एसएलआरएम सेंटर में अतिरिक्त विद्युत लोड की आवश्यकता है। इसके लिए ट्रांसफार्मर स्थापना हेतु विद्युत मंडल को मांग पत्र भेजा जा चुका है तथा निर्धारित राशि का भुगतान भी किया जा चुका है। वर्तमान में विद्युत लोड वृद्धि की प्रक्रिया प्रगति पर है।
इस बीच मशीन के संचालन में विलंब न हो, इसके लिए जनरेटर के माध्यम से ट्रॉमिल मशीन का सफल ट्रायल पूरा कर लिया गया है। मशीन फिलहाल चालू स्थिति में है और विद्युत लोड वृद्धि की प्रक्रिया पूर्ण होते ही इसका नियमित संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
नगर निगम के इस प्रयास से शहर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी और स्वच्छ दुर्ग के संकल्प को और अधिक गति मिलेगी।
जनसंपर्क: राजू बक्शी

Facebook Conversations