एक्टर रणवीर सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो शेयर की है, जो काफी वायरल हो रही है। इस फोटो में रणवीर सिंह शर्टलेस नजर आ रहे हैं। साथ ही वह पसीने से भीगे हुए हैं। रणवीर ने अपनी इस फोटो के साथ फैंस से एक सवाल भी किया है। इस सवाल के साथ उन्होंने चार ऑप्शन भी दिए हैं।
रणवीर के पसीने क्यों छूट रहे हैं?
रणवीर सिंह ने अपनी शर्टलेस सेल्फी को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "रणवीर के पसीने क्यों छूट रहे हैं? A.वो अभी-अभी स्टीम रूम से निकले हैं। B.उनका आज रात को टेलिविजन डेब्यू है। C.उनकी जिस्मानी गर्मी ज्यादा है। D.वो हॉट योगा का प्रयास कर रहे हैं।" बता दें कि रणवीर सिंह अपना टेलीविजन डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। शनिवार रात से उनका क्विज शो 'द बिग पिक्चर' शुरू हो रहा है। रणवीर इस शो को होस्ट करते हुए नजर आने वाले हैं।
फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स ने फोटो पर किए मजेदार कमेंट्स
रणवीर सिंह के इस फोटो और सवाल पर फैंस समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स भी जमकर कमेंट कर रहे हैं। पूजा हेगड़े ने रणवीर की फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा, "टॉवल गिर रहा है, पम्मी। ध्यान रखना।" डिनो मोरिया ने लिखा, "वो सब छोड़, यह बता कबसे इतना रिब्ड है तू। सॉलिड लग रहा है भाई।"
आर माधवन ने कमेंट करते हुए लिखा, " 'पोस्ट शॉवर सेल्फी' का खिताब मुझसे कितनी बार छीनेगा भाई??" मनीष पॉल ने कमेंट किया, "मैं नहीं खेल रहा।" सिद्धांत कपूर ने कमेंट किया, "या फिर ऑप्शन E.माइकल जैक्सन की तरह पूरी रात डांस किया है।" वहीं एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, "ऑप्शन E.दीपिका आस पास है कहीं।"