जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत जांजगीर-चांपा जिले के 277 श्रद्धालुओं को चांपा रेलवे स्टेशन से पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर की तीर्थयात्रा के लिए रवाना किया गया। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राजेन्द्र राठौर एवं श्री राज कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रदीप नामदेव, इंजी. रवि पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया तथा श्रद्धालुओं को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही कोणार्क स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से भोजन, चिकित्सा, ठहरने और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
तीर्थयात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अपने खर्च पर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करना कठिन था। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है।