5/अगस्त /2022
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक पावर प्लांट के अंदर कर्मचारी का शव 50 फीट की ऊंचाई में मिला है। वह 3 अगस्त से लापता था। उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने गुरुवार को गेट के बाहर धरना भी दिया था। अब उसका शव आखिरकार प्लांट के अंदर ही फंदे पर लटका मिला है। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है।
डभरा के उचपिंडा में RKM पावर प्लांट है। यहां बॉयलर डिपार्टमेंट में मालखरौदा क्षेत्र का रहने वाला गजेंद्र मनहर(28) हेल्पर के रूप में काम करता था। पिछले 6 साल से वो यहीं काम कर रहा था। रोज की तरह 3 अगस्त को भी सुबह ड्यूटी पर गया था। मगर वापस घर नहीं लौटा था। जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी, देर शाम तक भी उसका कुछ पता नहीं चला था।
परिजनों ने गेट के बार दिया था धरना।
अगले तिन 04 अगस्त को परिजनों ने गेट के बाहर जाकर धरना दे दिया था। उनका कहना था कि युवक प्लांट से ही लापता हुआ और यहां ही किसी को पता नहीं चला। फिर दिन भर परिजन गेट के बाहर ही बैठे रहे थे। फोर्स को भी तैनात किया गया था। पुलिस से भी मामले की शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने प्लांट के अंदर भी उसकी तलाश की।
पुलिस की टीम ने प्लांट के अंदर भी जांच की थी।
इसके बाद देर शाम ही प्लांट के बॉयलर एरिया में निर्माणाधीन लिफ्ट में 50 फीट ऊपर उसका शव मिल गया। बाद में शव को पीएम के लिए भेज दिया गया था। अब शुक्रवार को शव का पीएम किया गया है। पीएम के बाद शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है।
इधर, गजेंद्र की मौत के बाद प्रबंधन ने उसके परिजनों को मुआवजा भी दिया है। परिजनों को तत्काल 11 लाख रुपए की नगद सहायता की गई है। इसके अलावा परिवार के एक शख्स को नौकरी देने का ऐलान किया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में जांच जारी है।
