दुर्ग। नवरात्रि पर्व के दौरान जिले में गरबा कार्यक्रमों, चुनरी यात्राओं और दुर्गा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 361 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन और रात की अलग-अलग शिफ्ट में 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रमुख आयोजन स्थलों, दुर्गा पंडालों और चुनरी यात्रा के मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही लगातार पेट्रोलिंग और गश्त के जरिए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जा रही है। गरबा आयोजनों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला शक्ति टीम को भी सक्रिय किया गया है। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाते हुए अड्डेबाजी करने वालों, गुंडा-बदमाशों और धारदार हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से शांति और अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।