सूरजपुर में नाले में मिला युवक का शव, हत्या के संदेही की दो दिन बाद फांसी पर लटकी मिली लाश; टोना-टोटका बना विवाद की वजह?

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम सोनपुर स्थित कलुहा नाले में युवक नाहर सिंह का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आया है। हत्या के संदेह के घेरे में आए बालगोविंद का शव भी दो दिन बाद खेत के पास झाड़ी में फांसी पर लटका मिला। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को बसदेई चौकी क्षेत्र के कलुहा नाले में नाहर सिंह का शव मिला था। जांच में उसके सिर पर धारदार हथियार से पांच वार किए जाने की बात सामने आई। पुलिस को पारिवारिक विवाद और टोना-टोटका के शक से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी मिली।

बताया जा रहा है कि नाहर सिंह की पत्नी और बेटी के बयान के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। संदेही बालगोविंद ने कथित तौर पर नाहर सिंह की पत्नी से हत्या करने की बात कही थी। इसके बाद वह घर से निकल गया था।

14 अक्टूबर को बालगोविंद का शव खेत के पास झाड़ी में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटनाक्रम के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।

फिलहाल पुलिस नाहर सिंह की हत्या और बालगोविंद की मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। दोनों घटनाओं के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।