राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच राजनांदगांव जिला प्रशासन ने किसानों के स्वास्थ्य को लेकर अच्छी पहल की है। अब किसान धान बेचने के साथ ही उपार्जन केंद्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच भी करा सकेंगे। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले के सभी 122 धान उपार्जन केंद्रों में क्रमवार विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में किसानों, हमालों और समिति कर्मचारियों की बीपी, शुगर और यूरिन की जांच की जा रही है। इसके साथ ही चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया जा रहा है।
चार खरीदी केंद्रों में 115 लोगों की जांच
इस पहल के तहत 26 नवंबर को जिले के चार धान उपार्जन केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इनमें कुल 115 किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
लालूटोला केंद्र में 27 किसानों की जांच।
बेलगांव केंद्र में 32 किसानों की जांच।
उपरवाह केंद्र में 33 किसानों की जांच।
घुघवा केंद्र में 23 किसानों की जांच।
शिविर में किसानों के अलावा समिति में कार्यरत कर्मचारियों और हमालों ने भी स्वास्थ्य जांच कराई।
धान बेचने के साथ जांच कराने पर किसानों ने जताई खुशी
ग्राम पेंडरवानी के किसान रूप नारायण 117 क्विंटल धान बेचने उपरवाह केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि खेती-किसानी और किराना व्यवसाय की व्यस्तता के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे में धान खरीदी केंद्र पर मुफ्त जांच की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत मिली।
वहीं ग्राम उपरवाह के किसान गोहरीराम निर्मलकर ने बताया कि उन्हें रक्तचाप की समस्या रहती है। शिविर में जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट सामान्य आई। चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य की देखभाल के लिए जरूरी सलाह भी दी।
इसी तरह किसान महावीर साहू ने 32 क्विंटल धान बेचने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने बताया कि उनकी सभी जांच रिपोर्ट सामान्य रही।
किसानों से शिविर का लाभ लेने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि धान विक्रय के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचने पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ जरूर लें। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को उनकी व्यस्त दिनचर्या के बीच स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक करना है।
जिला प्रशासन की इस पहल से अब धान खरीदी केंद्र केवल उपज बेचने का स्थान ही नहीं, बल्कि किसानों के स्वास्थ्य की देखभाल का माध्यम भी बन रहे हैं।