आंगनबाड़ी कर्मचारियों के नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग, मेघदास वैष्णव ने सरकार का ध्यान कराया आकर्षित

त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ मुक्तिमोर्चा के उपाध्यक्ष मेघदास वैष्णव ने केंद्र और राज्य सरकार से आंगनबाड़ी कर्मचारियों सहित प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण और वेतन में बढ़ोतरी की मांग की है। उन्होंने कहा कि कम मानदेय में काम कर रहे कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी हो रही है।

मेघदास वैष्णव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण दूर करने और पोषण आहार वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के साथ जनगणना, मतदाता सूची, महतारी वंदन योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं के संचालन में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं।

इसके बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को करीब 10 हजार रुपये और सहायिकाओं को 5 हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है। उनका कहना है कि इतनी कम राशि में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। सहायिकाओं को अपने मानदेय से ही गैस सिलेंडर जैसी जरूरी चीजों का खर्च उठाना पड़ता है।

वैष्णव ने कहा कि कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, एरियर्स, बोनस, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी और शासकीय अवकाश जैसी सुविधाओं का भी लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी, सफाईकर्मी, मितानिन, रसोइया, अस्पताल के सफाई कर्मचारी, ठेका श्रमिक, पटवारी और किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। वैष्णव ने केंद्र एवं राज्य सरकार से सभी कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, नियमितीकरण करने और वेतन-मानदेय में बढ़ोतरी करने की मांग की है।