दुर्ग-भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के हजारों आवासधारियों को बड़ी राहत मिली है। बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों के किराए में संशोधन करते हुए अब दोनों श्रेणियों के लिए 6 रुपए प्रति वर्गफीट प्रतिमाह की समान दर निर्धारित की है। इस फैसले से किराए में 75 प्रतिशत तक की कटौती होगी।
इस निर्णय से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जिन पर लंबे समय से आवास किराए का आर्थिक बोझ बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद बीएसपी प्रबंधन ने किराया दरों में संशोधन का आदेश जारी किया। इस संबंध में सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात भी की।
किराए में कटौती के फैसले को आवासधारियों के लिए महत्वपूर्ण राहत माना जा रहा है। इससे हजारों परिवारों को हर महीने होने वाले खर्च में कमी आएगी।