रायपुर नगर पालिक निगम के जोन-7 में निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जोन-7 आयुक्त डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने लगभग 20 निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों से शहर के उद्यानों और तालाबों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण में सहयोग करने की अपील की। साथ ही मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निष्पादन, डेंगू-मलेरिया जागरूकता अभियान और नालों से अवैध पाट हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि मेडिकल वेस्ट का निष्पादन निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए और इसे केवल अधिकृत स्थान पर ही जमा कराया जाए। सार्वजनिक स्थानों या अन्य जगहों पर मेडिकल वेस्ट फेंकने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इसके अलावा अस्पतालों को अपने प्रचार-प्रसार संबंधी होर्डिंग एवं विज्ञापन नियमानुसार अनुमति लेकर ही लगाने के लिए कहा गया।
डॉ. तृप्ति पाणीग्रही ने निजी अस्पताल संचालकों को सार्वजनिक नालों पर बनाए गए अवैध पाटों को स्वयं हटाने, वहां चेम्बर बनवाने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में डेंगू, मलेरिया और मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया गया। निजी अस्पतालों से स्लम बस्तियों और वार्डों में जनजागरूकता अभियान चलाने तथा निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित करने की अपील की गई, ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता मिल सके।
नगर निगम ने कहा कि शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए निजी अस्पतालों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में जोन-7 स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू भी उपस्थित रहे।