रायपुर नगर पालिक निगम ने VIP रोड स्थित बेबीलान टावर के पास मुख्य सड़क किनारे भारी मात्रा में मलबा डालने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। जनशिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यवसायी पर 25,000 रुपये का ई-जुर्माना लगाया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-9 की टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान VIP रोड के किनारे स्थित व्यवसायिक परिसर द्वारा बड़ी मात्रा में निर्माण मलबा (मलमा) डाला जाना पाया गया, जिससे सड़क की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
निरीक्षण के बाद जोन-9 स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित व्यवसायिक परिसर के संचालक जसवीर सिंह खनूजा को भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर तत्काल 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों, मुख्य सड़कों और खाली जगहों पर मलबा या कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी नगर निगम को दें।