“सिम्स में जटिल सर्जरी: जांघ से निकली गोली, डॉक्टरों ने बचाया मरीज का पैर”

त्वरित खबरें - रुची सिंह रिपोर्टिंग

बिलासपुर - के सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बार फिर अपनी दक्षता का परिचय देते हुए जटिल ऑपरेशन कर मरीज की जांघ में फंसी बंदूक की गोली सफलतापूर्वक निकाल दी। इस कठिन सर्जरी के जरिए न सिर्फ मरीज की जान बचाई गई, बल्कि उसका पैर भी सुरक्षित रखा गया। मरीज को गंभीर हालत में पामगढ़ अस्पताल से सिम्स रेफर किया गया था, जहां तत्काल विशेषज्ञ टीम ने इलाज शुरू किया।

जानकारी के अनुसार पंकज कश्यप को 23 मार्च को जांघ में गोली लगने के बाद गंभीर अवस्था में सिम्स लाया गया। जांच के दौरान पता चला कि गोली जांघ की महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं के बेहद करीब फंसी हुई थी, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी। डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि ऑपरेशन के दौरान नसों को नुकसान न पहुंचे, क्योंकि ऐसा होने पर मरीज का पैर काटने की नौबत आ सकती थी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और सटीक योजना के साथ सर्जरी को अंजाम दिया। कई घंटों तक चले इस ऑपरेशन में अत्याधुनिक तकनीक और कुशलता का उपयोग करते हुए गोली को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि थोड़ी भी देरी होती तो मरीज के पैर में संक्रमण फैल सकता था, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती थी।

फिलहाल ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इस सफल सर्जरी से सिम्स अस्पताल के डॉक्टरों की विशेषज्ञता और त्वरित निर्णय क्षमता एक बार फिर सामने आई है। वहीं, मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिला इलाज उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।