अली अब्बास जफर की फिल्म में एक्शन करते दिखेंगे शाहिद कपूर, आर्या 2 से सुष्मिता का इंटेंस लुक आया सामने

त्वरित खबरे

शाहिद कपूर जाने-माने फिल्म डायरेक्टर अली अब्बास जफर के अगले प्रोजेक्ट में नजर आएंगे। नए प्रोजेक्ट का टाइटल रिवील नहीं किया गया है, लेकिन यह एक एक्शन फिल्म होगी। शाहिद ने जफर की इस फिल्म की शूटिंग भी शुक्रवार से UAE में शुरू कर दी है। इसकी जानकारी अली ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। इसमें वे शाहिद कपूर के साथ हंसते हुए नजर आ रहे हैं। इस फोटो के साथ अली ने कैप्शन में लिखा है- ‘चलो शुरू करते हैं, शाहिद कपूर क्या आप क्रेजी, बंदूक और गैंग्स की पागलपन वाली राइड के लिए तैयार हैं।' इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये एक एक्शन फिल्म होगी।

तेजस की रैपअप पार्टी में कंगना का जलवा

कंगना रनोट की फिल्म 'तेजस' की रैप अप पार्टी शुक्रवार को रखी गई। कंगना ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ ग्लैमरस फोटोज शेयर कीं। प्रोड्यूसर रॉनी स्क्रूवाला की पार्टी के साथ 'तेजस' के रैप-अप का जश्न मनाया गया। कंगना का ये लुक उसी पार्टी के लिए था। कंगना ने दिलचस्प कैप्शन के साथ एक खूबसूरत चमकदार ड्रेस में फोटोज पोस्ट कीं। एक कैप्शन में कंगना ने लिखा, "मेरे सिर में एक गाना बज रहा है मेरे महबूब तुझे मेरी मोहब्बत की कसम..।" कंगना तेजस में कंगना फाइटर पायलट की भूमिका निभाती नजर आएंगी।

10 जून को रिलीज होगी विक्की की फिल्म गोविंदा मेरा नाम

करन जौहर के प्रोडक्शन में बनने वाली विक्की कौशल, भूमि पेडणेकर और कियारा आडवाणी स्टार गोविंदा नाम मेरा की रिलीज डेट और पोस्टर शुक्रवार को जारी किए गए। फिल्म में विक्की गोविंदा वाघमारे के रोल में होंगे। फिल्म की रिलीज डेट 10 जून 2022 रखी गई है। फिल्म की कहानी और डायरेक्शन शशांक खैतान का है। फिल्म में भूमि विक्की की हॉटी पत्नी के रोल में होंगी, वहीं कियारा उनकी नॉटी गर्लफ्रैंड के रोल में नजर आएंगी। विक्की के पास इस दिनों सैम मानेक शॉ की बायोपिक जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी हैं। वहीं कटरीना कैफ से उनकी शादी की खबरें भी सुर्खियों में हैं।

अंतिम और तड़प के सॉन्ग हुए रिलीज

सलमान खान और आयुष शर्मा की फिल्म अंतिम का एक और गाना रिलीज हो गया है। यह एक डांस नंबर है, जो मराठी डांस फाॅर्म लावणी पर बेस्ड है। गाने के बोल हैं चिंगारी, जिसे सुनिधि चौहान ने आवाज दी है। अंतिम का डायरेक्शन महेश मांजरेकर ने किया है। इसके अलावा फिल्म तड़प का भी दूसरा सॉन्ग तेरे सिवा जग में रिलीज हुआ। फिल्म में सुनील शेट्‌टी के बेटे अहान डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ तारा सुतारिया हैं। गाने को आवाज शिल्पा राव और दर्शन रावल की है। तड़प का डायरेक्शन मिलन लुथरिया ने किया है।

आर्या 2 के टीजर में दिखा सुष्मिता सेन का इंटेंस लुक

सुष्मिता सेन की वेब सीरीज 'आर्या 2' से उनका खतरनाक लुक रिवील कर दिया गया है। 'आर्या 2' का टीजर शेयर कर सुष्मिता ने लिखा है- शेरनी इज बैक। पहले से भी घातक और खतरनाक। सुष्मिता इस नए लुक में होली के रंगों में रंगीं, लेकिन बेहद इंटेंस नजर आ रही हैं। क्या आप सब तैयार हैं?' यह वेब सीरीज जल्द ही डिज्नी हॉट स्टार प्लस पर टेलिकास्ट की जाएगी। इसके पहले पार्ट में सुष्मिता के साथ चंद्रचूड़ सिंह, सिकंदर खेर, नमित दास, सुगंधा गर्ग और विश्वजीत प्रधान के अलावा कई स्टार्स नजर आए थे।