टीवी एक्ट्रेस अनीता हसनंदानी ने सोशल मीडिया के जरिए एक बड़ा खुलासा किया है। अनीता ने बताया कि वो टेलीविजन इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों में डिप्रेशन से जूझ रही थीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वो अपने करियर की शुरुआत के दौरान अपने फेलियर्स से परेशान थीं तब प्रोड्यूसर एकता कपूर ने उनकी मदद की थी। अनीता ने इस नोट को उस दिन साझा किया जिस दिन एकता को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
अनीता ने की एकता की तारीफ
एकता और रोहित के साथ सेल्फी शेयर करते हुए अनीता ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "एकता आप अपने द्वारा बनाए गए हर स्ट्रॉन्ग फीमेल कैरेक्टर की प्रोटोटाइप हैं। आप एक सच्ची दोस्त और मजबूत इरादों वाली महिला हैं। इतने सालों की दोस्ती एक ऐसे रिश्ते में बदल गई, जहां हम कोई सवाल किए बिना ही एक दूसरे के लिए कुछ भी कर सकते हैं।"
एकता ने की थी अनीता की डिप्रेशन से बाहर आने में मदद
अनीता ने आगे लिखा, "मुझे वो दिन याद हैं, जब मैं बहुत यंग थी और काम करने की भूख थी, लेकिन मुझे चीजों को लेकर आइडिया नहीं था। मैं अपने शुरुआती फेलियर से प्रभावित हुई, लेकिन तब आप मेरी लाइफ में आईं। आप ने ना सिर्फ डिप्रेशन से बाहर आने में मेरी मदद की, बल्कि मुझे एक नई शुरुआत भी दी। कभी हार ना मानना उन लाखों चीजों में से एक है, जो मैंने आपसे सीखा है। आपकी वजह से मैं सिक्योर महसूस करती हूं। आप दुनिया के हर मायने में हो, मेरे जीवन की नियति। एकता को दोस्त कहना एक अंडरस्टेटमेंट है। वो मेरे परिवार का हिस्सा हैं और वो मेरी नियति हैं।"
एकता के शो से मिला था अनीता को फेम
एकता कपूर द्वारा बनाए गए शो 'कभी सौतन कभी सहेली' में एक्टिंग करने के बाद अनीता ने फेम हासिल किया था। इसके बाद अनीता ने 'कुछ तो है', 'ये हैं मोहब्बतें' में काम किया, जिसे एकता ने प्रोड्यूस किया था। साथ ही वो 'नागिन 3' में भी नजर आई थीं।