जल जीवन मिशन में भुगतान लंबित....ठेकेदार ने दी आत्मदाह की चेतावनी....

त्वरित ख़बरें

  दंतेवाडा- जल जीवन मिशन में कार्य पूर्ण होने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर परेशान ठेकेदार ने 4 नवंबर को कलेक्टोरेट के बाहर आत्मदाह की चेतावनी दी है। इस आशय का पत्र उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को सौंपते हुए इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर और एसपी दंतेवाड़ा को भी भेजी है।

ठेकेदार ओम प्रकाश सिंह श्रीनारायणा कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े हैं। इन्होंने पत्र में बताया है कि जल जीवन मिशन अंतर्गत 40 केएल तीन टंकी निर्माण, शत प्रतिशत एफएसटी निर्माण एवं पाइप लाइन का कार्य पूर्ण करने के बाद भी उनका लगभग 70 से 80 लाख का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

इससे परेशान ठेकेदार ने 4 नवंबर को आत्मघाती कदम उठाने की सूचना देते हुए पीएचई के ईई को ज्ञापन सौंपा है। 72 वर्षीय रिटायर इंजीनियर सिंह ने बताया कि अन्य संभागों का डिमांड खोलकर भुगतान किया गया। पुनः डिमांड खोला जा रहा है, लेकिन दंतेवाड़ा का भुगतान डिमांड नहीं खोला जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दंतेवाड़ा का कार्य कम है। उनके द्वारा तीन कार्य का 80 प्रतिशत से अधिक करने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। कार्य स्थल पर भुगतान नहीं होने के कारण कार्य पूरा भी नहीं हो रहा है। इस वजह से वे मानसिक रूप से परेशान हैं।