कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हसदेव नदी के पुल पर एक आरक्षक की बाइक और व्यक्तिगत दस्तावेज मिलने से हड़कंप मच गया। घटना केंदई के पास की है, जहां आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी के पुल पर बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। बाइक के पास मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। दस्तावेजों के आधार पर लापता आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में पदस्थ है।
घटना की जानकारी मिलने पर मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों को जानकारी दी और संबंधित थाना एवं चौकी को भी सूचना भेजी।
बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में पानी का बहाव तेज है, जिससे तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। देर रात होने के कारण खोजबीन सुबह किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल, आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। वह किन परिस्थितियों में लापता हुआ, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरक्षक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।