शाहरुख-गौरी की 'मन्नत पूरी':27 दिन बाद जेल से छूटकर घर पहुंचे आर्यन, शाहरुख खुद बेटे को लेकर आए; मन्नत में अब दिवाली जैसा माहौल

त्वरित खबरे

क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान की 27 दिन बाद आखिरकार जेल से रिहाई हो गई है। वे सुबह 11 बजे आर्थर रोड जेल से बाहर आए। उन्हें लेने के लिए पिता शाहरुख खान खुद आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। शाहरुख की रेंज रोवर गाड़ी जेल के गेट पर लगी थी और आर्यन जेल के गेट से निकलकर सीधे गाड़ी में बैठ गए। शाहरुख का काफिल लीलावती अस्पताल के रास्ते होते हुए करीब आधे घंटे में यानी 11.30 बजे मन्नत यानी उनके घर पहुंच गया। यहां गाजे-बाजे और आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया गया है। वहीं मन्नत बाहर फैंस की भीड़ जमा है, जिसे काबू में रखने के लिए पुलिस मुस्तैद है।

शाहरुख के फैन्स मन्नत के बाहर ढोल बजाकर आर्यन का वेलकम करते हुए नजर आये।

मन्नत के बाहर भी जश्न का माहौल
आर्यन के इंतजार में उनके घर मन्नत के बाहर फैंस की भारी भीड़ मौजूद है। लोग अपने-अपने तरीके से सेलिब्रेट कर रहे हैं। कोई शाहरुख के गानों पर बाजा बजा रहा है तो कोई बैंड बाजे के साथ पहुंचा है। इस बीच मन्नत के बाहर पुलिस भी मुस्तैद है, ताकि भीड़ बेकाबू न हो पाए।

मन्नत के बाहर फैंस आर्यन के पोस्टर लेकर मौजूद हैं। वे आर्यन के लिए दुआएं भी कर रहे हैं।

आज सुबह 5.30 बजे आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी खोली गई, जिसके बाद आर्यन की जमानत के कागज जेल के अंदर पहुंच गए। वहीं आर्यन के दोस्त अरबाज की रिहाई शाम तक हो पाएगी। अरबाज के पिता असलम मर्चेंट ने खुद ये जानकारी दी है।

अभिनेता शाहरुख खान, आर्यन को लेकर घर पहुंचे तो उन्हें घर के बाहर मीडिया की भारी भीड़ का सामना करना पड़ा।

बॉम्बे हाईकोर्ट से आर्यन को बेल गुरुवार को मिल गई थी, लेकिन शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक उनकी रही का ऑर्डर जेल अधिकारियों के पास नहीं पहुंच पाया था। इस वजह से शुक्रवार को आर्यन जेल से बाहर नहीं आ सके। NDPS कोर्ट से जमानत के कागजात लेकर वकील सतीश मानशिंदे खुद आर्थर रोड जेल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें पहुंचने में देरी हो गई। इससे पहले, एक्ट्रेस जूही चावला ने सेशन कोर्ट पहुंचकर आर्यन के बेल बॉन्ड पर साइन किए थे।

आर्थर रोड जेल के अधिकारियों ने आज सुबह 5.30 बजे जमानत पेटी खोलकर जमानती आदेश निकाले।

आर्यन की रिहाई की टाइम लाइन

5: 30 AM: जेल की जमानती पेटी खुली और आर्यन का रिहाई ऑर्डर निकाला गया।
6: 36 AM: रिलीज ऑर्डर जेल के ऑफिस में पहुंचा।
7: 00 AM: जेल अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से ऑर्डर रिसीव किया।
8: 00 AM: आर्यन खान की रिहाई की प्रक्रिया शुरू हुई।
8: 15 AM: शाहरुख खान मन्नत से आर्थर रोड जेल के लिए निकले।
9: 30 AM: आर्यन का नाम लाउड्स्पीकर पर पुकारा गया।
10:30 AM: शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि जेल के गेट पर पहुंचे।
11:01 AM: आर्थर रोड जेल से बाहर निकले आर्यन खान।

जूही चावला की फोटो की वजह से आर्यन की रिहाई में देरी हुई

शुक्रवार को आर्यन की रिहाई में एक्ट्रेस जूही चावला की तस्वीर भी रोड़ा बनी। असल में हुआ ये कि आर्यन की जमानती बनने गईं एक्ट्रेस जूही चावला जैसे ही अदालत में पहुंचीं तो क्लर्क ने बताया कि फॉर्म में उनकी पासपोर्ट साइज फोटो नहीं लगी है। इसे लाने में 15-20 मिनट लग गए

आर्यन केस के अन्य आरोपियों को भी मिली जमानत

आर्यन खान की रिहाई के बाद अब उनके साथ गिरफ्तार हुए कुछ अन्य आरोपियों को भी शनिवार को जमानत मिल गई। इनमें अचित कुमार सबसे बड़ा नाम था। अचित वही शख्स है, जिसके आर्यन के साथ ड्रग चैट मिले थे। अचित के अलावा क्रूज ट्रिप के ऑर्गनाइजर गोपाल आनंद, समीर सहगल, मानव सिंघल और भास्कर अरोरा भी शामिल हैं। क्रूज पर गेस्ट के तौर पर शामिल हुई नुपूर सतिजा और गोमित चोपड़ा को भी जमानत मिल गई है। नुपूर के पास से चार पिल्स और तीन ग्राम कोकेन मिला था।