दिग्गज एक्टर यूसुफ हुसैन का 73 साल की उम्र में निधन हो गया है। आज (शनिवार) सुबह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में उन्होंने आखिरी सांसें लीं। जहां उनका कोरोना का इलाज चल रहा था। यूसुफ के निधन की जानकारी उनके दामाद और डायरेक्टर हंसल मेहता ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर कर दी है। इस पोस्ट में उन्होंने कहा है कि आज वे सच में अनाथ हो गए हैं।
जिंदगी जिंदा होती तो वह शायद उन्हीं के रूप में होती
हंसल मेहता ने अपने ससुर यूसुफ हुसैन की एक फोटो शेयर कर लिखा, "मैंने शाहिद के 2 शेड्यूल पूरे कर लिए थे। इसके बाद हम फंस गए थे। मैं परेशान था। एक फिल्म डायरेक्टर के रूप में मेरा करियर लगभग पूरी तरह से खत्म होने ही वाला था। तब वह (यूसुफ) बस मेरे पास आए और उन्होंने मुझसे कहा था-'मेरे पास एक फिक्स्ड डिपॉजिट है और यह मेरे किसी काम की नहीं है। अगर तुम परेशानी में हो तो उसका इस्तेमाल कर सकते हो।' तब उन्होंने चेक साइन करके मुझे दे दिया था। फिर मैंने शाहिद पूरी की थी। ऐसे थे यूसुफ हुसैन। मेरे ससुर नहीं बल्कि मेरे पिता। अगर जिंदगी जिंदा होती तो वह शायद उन्हीं के रूप में होती।"
मैं आज सच में अनाथ हो गया हूं, आपको बहुत याद करूंगा
डायरेक्टर ने आगे लिखा, "आज वह चले गए। ताकि वे स्वर्ग में सभी लड़कियों को 'दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की' और हर आदमी को सबसे 'हसीन नौजवान' बता सकें। और आखिर में सिर्फ कहें 'लव यू लव यू लव यू'। यूसुफ साहब मैं मेरे इस नए जीवन के लिए आपका ऋणी हूं। मैं आज सच में अनाथ हो गया हूं। अब लाइफ पहले जैसी नहीं रहेगी। मैं आपको बहुत याद करूंगा। मेरी उर्दू खराब ही रहेगी और हां- लव यू लव यू लव यू।"
युसूफ की बेटी सफीना की शादी हंसल मेहता से हुई थी
हंसल मेहता के इस पोस्टर पर कमेंट कर अभिषेक बच्चन, मनोज बाजपेयी, दीया मिर्जा, पूजा भट्ट, रीमा कागती, निखिल आडवाणी और कुब्रा सैत समेत कई बॉलीवुड सेलेब्स ने यूसुफ के निधन पर दुख जताया है। बता दें कि युसूफ हुसैन की बेटी सफीना हुसैन की शादी हंसल मेहता से हुई थी। युसूफ हुसैन ने अपने एक्टिंग करियर में 'दबंग 3', 'कृष 3', 'रईस', 'विवाह', 'धूम 2', 'दिल चाहता है', 'रोड टू संगम', 'क्रेजी कुक्कड़ फैमिली', 'ब्लू ऑर्गन्स', 'खोया खोया चांद', 'धूम 2', 'रेड स्वास्तिक' और 'एस्केप फ्रॉम तालिबान' जैसी कई फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 'मुल्ला नसरुद्दीन', 'कुमकुम: एक प्यारा सा बंधन', 'शश... कोई है', 'सीआईडी', 'तुम बिन जाऊं कहां' जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज में भी अभिनय किया था।