करवाचौथ:आदित्य नारायण और श्वेता अग्रवाल अपना पहला करवाचौथ सेलिब्रेट करने के लिए हैं एक्साइटेड

त्वरित खबरे

सिंगर और एक्टर आदित्य नारायण और उनकी पत्नी श्वेता के लिए, जिनकी 1 दिसंबर 2020 को शादी हुई, यह उनका पहला करवा चौथ होगा, और यह कपल इसलिए काफी एक्साइटेड है। श्वेता ने हमेशा अपनी मां को घर में त्योहार मनाते हुए देखा है। श्वेता से जब सवाल पूछा गया कि क्या आप भी यह उपवास रखेंगी? तो जवाब में वो कहती हैं, "बेशक, मैं इसे रख रही हूं।" वो आगे कहती हैं, "मैं एक पंजाबी हूं। मेरे परिवार में सालों से यह त्योहार हमेशा एक बहुत बड़ी बात रही है। मैंने अपनी मां और दादी को ऐसा करते हुए देखा है। बहुत सारी तैयारियां होती हैं, लेकिन यह मजेदार है, मैं इस पूरी चीज को होते हुए देखने का आदी हूं। अपनी थाली और ड्रेस को सजाना, नए कपड़े पहनना..यह मेरा पहला साल है, इसलिए मैं बहुत एक्साइटेड हूं।"

आदित्य नहीं रखेंगे श्वेता के लिए व्रत

श्वेता से जब पूछा गया कि क्या आदित्य भी उनके लिए व्रत रखेंगे तो उन्होंने कहा, "नहीं, वो कोई व्रत नहीं रख रहे हैं! मुझे नहीं लगता कि वो दो घंटे से ज्यादा उपवास कर सकते हैं। आखिरी में, जब आदित्य से सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न पूछा गया कि वो श्वेता को करवा चौथ के अवसर पर क्या उपहार दे रहे हैं? तो जवाब में वो कहते हैं, "मैं गिफ्ट हूं," वो हंसते हैं, लेकिन कहते हैं, "उसका फोन पुराना हो गया है, इसलिए मैं उसे एक नया फोन दिला रहा हूं।"

श्वेता ने की अपने रिश्ते पर बात

श्वेता अपने रिश्ते के बारे में कहती हैं, "किसी भी रिश्ते की तरह, हमारे रिश्ते ने भी उतार-चढ़ाव देखे हैं। कभी कुछ समय बहुत अच्छे रहे और कभी अच्छे नहीं रहे हैं। अच्छे समय का ज्यादातर श्रेय मुझे जाता है (हंसते हुए)। बात यह है कि हम बहुत अलग लोग हैं, लेकिन हमारे बीच में बहुत सारी समानताएं हैं। हमें एक-दूसरे के साथ रहकर काम करना था। शादी बहुत अच्छी रही है क्योंकि आखिरकार मैं लोगों को बता सकती हूं कि मैं एक रिश्ते में हूं।"

10 साल तक रिलेशनशिप में होने के बाद दोनों ने की थी शादी

आदित्य ने श्वेता अग्रवाल से पिछले साल दिसंबर में शादी की थी। कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण, दोनों ने एक मंदिर में शादी की थी। शादी से पहले दोनों 10 साल तक रिलेशनशिप में थे। वे अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म 'शापित' की शूटिंग के दौरान एक दूसरे से मिले थे।