फिल्ममेकर करन जौहर जल्द ही शो 'वन माइक स्टैंड' के सीजन 2 में बतौर स्टैंड अप कॉमेडियन नजर आएंगे। करन की माने तो उनपर किए गए मजाक को वे बहुत ही स्पोर्टिंगली लेते हैं और अब जब खुद उन्हें मौका मिल रहा है अपने ऊपर मजाक बनाने का तो भला इसे इंकार कैसे कर पाते।
खुद पर मजाक लेने की बात आती है तो मैं हमेशा से स्पोर्टिंग रहा हूं
शो के बारे में करन ने कहा, "स्ट्रीमिंग साइट्स पर कॉमेडी सबसे पसंदीदा शैलियों में से एक है, इसलिए स्वाभाविक रूप से जब मुझे ये शो करने के लिए कॉल आया तो मैंने हां कह दिया। आप जानते हैं कि जब खुद पर मजाक लेने की बात आती है तो मैं हमेशा से स्पोर्टिंग रहा हूं और आखिरकार अब मुझे खुद ऐसा करने का मौका मिला तो भला इसे इंकार कैसे कर पाता।"
शो मेरे द्वारा अतीत में किए गए किसी भी काम से बहुत अलग है
करन जौहर ने आगे कहा, "मैं यह चैलेंज लेना चाहता था, क्योंकि मैं कई बार कैमरे के सामने आ चुका हूं। लेकिन, यह शो मेरे द्वारा अतीत में किए गए किसी भी काम से बहुत अलग है। मैं विशेष रूप से शो के फॉरमेट से आकर्षित था, जो कि एकदम सही है। क्योंकि, मुझे दर्शकों के साथ और अधिक खुलकर जुड़ने का मौका मिला। मुझे लगता है कि पूरी तरह से अलग दुनिया के कलाकारों को एक साथ लाना और खुद को कॉमेडी में डुबो देना सुंदर है, जो समान मानसिकता और व्यक्तित्व को साझा करता है।"
स्टैंड अप कॉमेडी भारत में अंग्रेजी और रीजनल भाषाओं में बढ़ रही है
फिल्ममेकर ने कहा, "स्टैंड अप कॉमेडी भारत में अंग्रेजी और रीजनल भाषाओं में बढ़ रही है, यह शो भारत में मनोरंजन के इस आगामी रूप में तेजी लाने के लिए सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और उम्मीद है कि बहुत सारी महत्वाकांक्षी कॉमिक्स को प्रेरित करेगा और उनके लिए दरवाजे खोल देगा।" इस शो में करन जौहर के अलावा सनी लियोन, चेतन भगत, रफ्तार और फेय डिसूजा जैसे सेलेब्स भी हैं। इसकी होस्टिंग सपन वर्मा करेंगे और भाग लेने वाली हस्तियों को सुमिखी सुरेश, समय रैना, नीति पलटा, अतुल खत्री और अबीश मैथ्यू सहित कॉमेडियन द्वारा सलाह दी जाएगी।