विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से टकरा कर बाइक सवार की मौत
राजनांदगांव/ खैरागढ़. विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से टकरा कर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घटना खैरागढ़ के शहर की है। जहां मीना बाजार से लौट रहे बाइक सवार तीन युवक गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे ट्रक से जा भिड़े। हादसे में आंबेडकर वार्ड निवासी 17 वर्षीय सूर्यांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आंबेडकर वार्ड के ही 18 वर्षीय प्रकाश पिता गोलू यादव और तुरकारीपारा के 23 वर्षीय रोहन पिता सुखनंदन अवस्थी गंभीर रूप से घायल हुए है।
रोहन के शरीर में लगी अंदरूनी चोट की वजह से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां उसका गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। घायल रोहन ने बताया कि सूर्यांश और प्रकाश के साथ रश्मिदेवी नगर के पास लगी मीना बाजार से लौट रहे थे। बाइक सवार तीनों युवक करीब साढ़े आठ बजे पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास पहुंचे थे, जहां सड़क पर दौड़ रहे कुत्ते को बचाने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 जे 5338 से टकरा गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे में तीनों ही युवकों को हेड इंजरी होने की बात कही जा रही है। हादसे से सूर्यांश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि रोहन और प्रकाश की प्रारंभिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले 17 वर्षीय सूर्यांश के शव का शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भैंस से टकरा बाइक सवार, मौत
राजनांदगांव के छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरे में आशीर्वाद राइस मिल के पास बाइक सवार छात्र भैंस से टकराकर गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम की बताई गई है। छुरिया थाना क्षेत्र के चिचोला छुरिया पहुंच मार्ग पर आशीर्वाद राइस मिल घोघरे के पास एमजे कॉलेज में डी फार्मेसी के स्टूडेंट नैरित्य पटेल पिता डॉ. चन्द्रभान पटेल 21 साल अपने भाई इंद्रजीत पटेल निवासी घुपसाल के साथ भिलाई से अपने घर मोटर साइकिल क्रमांक 2751 से लौट रहा था।
बीच रास्ते आ गई भैंस
अचानक घोघरे के पास सड़क में चल रही भैंस से बाइक टकरा गया। जिससे नैरित्य के सीने में गंभीर चोट लगी दोनों को डायल 112 की टीम ने छुरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लाया गया। जहां पर डॉक्टर ने जांच के बाद नैरित्य पटेल को मृत घोषित कर दिया वहीं मृतक के बड़े भाई इंद्रजीत पटेल को मामूली चोट लगी है जिनका उपचार अभी चल रहा है। मृतक नैरित्य पटेल एमजे कॉलेज भिलाई में प्रथम वर्ष डी फार्मेसी का स्टूडेंट है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था।

Facebook Conversations