उतई उप चुनाव में निर्दलीय जीत:जामुल में BJP- 4, कांग्रेस-1, JCCJ-1 और 2 वार्ड में निर्दलीय जीते;
दुर्ग जिले के चारों नगरीय निकाय व उतई वार्ड 5 में हुए उप चुनाव के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। जामुल में BJP ने 4, कांग्रेस ने 1, JCCJ ने 1 और निर्दलीय अभी तक 2 वार्डों में अपनी जीत दर्ज कर चुके हैं। वहीं उतई नगर पंचायत उप चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सतीश चंद्राकर ने 16 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें 110 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी सतीश पारख को 94 वोट मिले हैं। वहीं BJP उम्मीदवार चंदू देवांगन (78) और कांग्रेस के सोनचंद (35) तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। भाजपा पार्षद विमला साहू के निधन के कारण वार्ड-5 की सीट रिक्त हुई थी।
भिलाई, रिसाली, चरोदा और जामुल नगरीय निकाय के 715 प्रत्याशियों के हार-जीत का फैसला होना है। भिलाई नगर निगम के लिए डाले मतों की गिनती कल्याण महाविद्यालय सेक्टर-7 में जारी है। प्रत्याशियों को अंदर नहीं घुसने देने के कारण यहां जमकर हंगामा हो गया। इस दौरान तमाम प्रत्याशी केंद्र के बाहर ही कुर्सी डालकर परिणाम के इंतजार में बैठ गए हैं। यहां से भाजपा-कांग्रेस के 139 प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 318 प्रत्याशी मैदान में थे। इन उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान कराने के लिए 463 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

उतई नगर पंचायत उप चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सतीश चंद्राकर ने जीत दर्ज की।
कोहका क्षेत्र के वार्ड में ज्यादा राउंड में गिनती
भिलाई निगम में वार्ड 12 रानी अवंतिबाई वार्ड कोहका सबसे ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए गए थे, इसलिए यहां 10 राउंड की गिनती होगी। रिसाली में वार्ड 25 आशीष नगर वार्ड में सबसे ज्यादा 5 राउंड की गिनती की जाएगी। चरोदा में सबसे ज्यादा चार राउंड की गणना होगी। इसमें वार्ड 18,20,28,30 और 32 हैं। जामुल नगर पंचायत में सबसे ज्यादा दो राउंड होंगे।
सबसे कम राउंड इन वार्डों में, जल्दी पूरी होगी गिनती
भिलाई निगम में सबसे कम राउंड वाले छह वार्ड हैं, जहां चार राउंड की गिनती होनी है। इसमें वार्ड 44, 52, 54, 57, 64 और 68 वार्ड शामिल हैं। रिसाली निगम में सबसे कम दाे-दो राउंड होंगे। इसमें वार्ड 4, 9, 10, 12, 16,19, 32, 33 शामिल हैं। चरोदा निगम में सबसे कम दो राउंड होंगे। इसमें वार्ड 6,10, 15, 21, 33, 36, 37 और 38 वार्ड शामिल हैं।

भिलाई नगर निगम के कल्याण कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र में घुसने नहीं देने पर प्रत्याशियों और समर्थकों का हंगामा।
सीसीटीवी कैमरे से होगी सभी केंद्रों में निगरानी
मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। इस कैमरे से प्रत्येक मतगणना कक्ष और बाहर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। स्ट्रांग रूम में मतपेटियां कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कक्ष में सुबह लाई जाएगी। मतगणना केंद्र के भीतर कोविड गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। प्रत्येक टेबल में एक सुपरवाइजर होंगे और उनके दो सहायक होंगे।
जीत के बाद प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट होंगे जारी
जीतने वाले प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट भी देने की व्यवस्था मतगणना केंद्र में की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा ने बताया कि जीतने वाले प्रत्याशियों को रिटर्निंग अफसर सर्टिफिकेट वितरण भी शुरू कर देंगे। मतगणना परिसर के भीतर प्रत्याशियों को विजयी जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। इसे लेकर क्षेत्र को प्रतिबंधित किया गया है।

Facebook Conversations