रथयात्रा की भीड़ में सक्रिय लुटेरे खींचते रहे चेन-मंगलसूत्र...
त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

रायपुर.  शंकरनगर बीटीआई ग्राउंड और जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर इलाके में रथयात्रा के दौरान शुक्रवार शाम दो घंटे में आधा दर्जन महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटे गए. रथयात्रा के दौरान लूटपाट को लेकर महिलाएं चीख-पुकार मचाती रही लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिली. थाने के बाहर रात में 10 बजे तक रिपोर्ट लिखाने वाली महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ जुटी रही. पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की लेकिन केवल एक मामला कायम करके सभी पीड़ित महिलाओं के नाम और लूटे गए गहनों की कीमत एक साथ लिख दी है.वारदात के 24 घंटे बाद भी लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं. एसीसीयू क्राइम ब्रांच और थाने की टीम सीसीटीवी फुटेज के जरिये संदिग्धों की पहचान कर रही है. पुलिस के मुताबिक टी. सरोजनी राय 50 वर्ष निवासी शिवनगर खम्हारडीह नामक महिला अपने परिवार के साथ रथयात्रा देखने शुक्रवार शाम बीटीआई मैदान पहुंची थी. साढ़े पांच बजे रथयात्रा गायत्री नगर से यहां पहुंची. मैदान में काफी भीड़ थी. एकाएक उन्हें गले से सोने की चेन खींचे जाने का अहसास हुआ. पुलिस ने इसी महिला की शिकायत में कविता निर्मलकर पति दीपक निर्मलकर निवासी विजय नगर गली नंबर 6 अवंति विहार, पार्वती बाई पति रंजन निवासी कुशालपुर, संतरी बाई साहू निवासी माना कैम्प विवेकानंद नगर एवं बेनाबाई साहू पति जगदीश साहू निवासी पंडरीतराई का मंगलसूत्र लूटने की शिकायत भी शामिल कर ली है. पुलिस ने धारा 303 (2) के तहत लूट का एक मामला दर्ज किया है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दो घंटे के भीतर चार मंगलसूत्र महिलाओं के गले से खींचे गए हैं. वहीं सोने की एक चेन लूटी गई है. एक पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि चोर ने उनके गले से सोने का चेन किसी चीज से काटी है. लूटी गई एक चेन व चार मंगलसूत्र की कीमत 4 लाख से ज्यादा की मानी जा रही है. पुलिस ने ज्वेलरी की कीमत 90 हजार लिखी है.राजधानी में जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर और पुरानीबस्ती से पारंपरिक रथयात्राएं निकलती हैं. जो शहर के खास हिस्से का भ्रमण करती हैं. वार्ड स्तर पर भी रथयात्राएं निकाली जाती हैं और भगवान जगन्नाथ का दर्शन करने लोग सड़कों पर उमड़ते हैं. रथयात्रा के दौरान पुलिस द्वारा सुरक्षा प्रबंध भी किए गए थे. थाना स्तर पर टीमें रथयात्रा मार्ग पर तैनात थी. भीड़ में भी सादी वर्दी में जवान शामिल थे. इसके बाद भी लुटेरे वारदात करके निकल गए. यह पहला मौका है जब रथयात्रा के दौरान इतनी अधिक संख्या में चेन-मंगलसूत्र लूट की शिकायतें पुलिस के पास पहुंची हैं. इसे लेकर लोगों में पुलिस व्यवस्था के प्रति नाराजगी भी है.

YOUR REACTION?

Facebook Conversations