29 जुलाई 2022
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष (DCW) स्वाति मालीवाल ने हाल ही में रणवीर सिंह के फोटोशूट पर रिएक्ट किया है। स्वाति ने कहा कि महिलाओं के ऐसे फोटोशूट रोजाना सोशल मीडिया पर वायरल होते हैं, तब तो किसी को दिक्कत नहीं होती। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में कोई रियल इश्यू नहीं बचा है, क्योंकि सारे चैनल्स पर प्राइम टाइम में सिर्फ रणवीर के फोटोशूट पर बहस चल रही है।
रणवीर के फोटोशूट पर स्वाति मालीवाल का रिएक्शन
स्वाति ने ट्विटर पर लिखा, "सोसाइटी में आए दिन ही महिलाओं की ऐसी फोटोज सामने आती हैं और किसी को इस पर आपत्ति नहीं होती है। अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाने वाला एक एक्टर न्यूड फोटोशूट करवाने का फैसला करता है और यह प्राइम टाइम की बहस का मुद्दा बन जाता है। क्या देश में कोई रियल इश्यू नहीं बचा है?"
पेपर मैगजीन के लिए करवाया था फोटोशूट
बता दें, रणवीर सिंह ने पेपर मैगजीन कवर के लिए बिना कपड़ों के फोटोशूट करवाया था। जिसके बाद कई लोगों ने उनके इस स्टेप की सराहना की, वहीं कुछ लोग रणवीर को ट्रोल कर रहे हैं। उनके खिलाफ कई सारी पुलिस कम्प्लेंट्स और FIR भी दर्ज कराई जा चुकी हैं। मुंबई में एक एनजीओ ने यह कहते हुए FIR दर्ज करवाई कि रणवीर के फोटोशूट से महिलाओं की भावनाओं को आहत हुआ है।
बॉलीवुड सेलेब्स कर रहे रणवीर को सपोर्ट
वहीं कई बॉलीवुड सेलेब्स रणवीर के सपोर्ट में उतरे हैं। एक्ट्रेस विद्या बालन, फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा से लेकर विवेक अग्निहोत्री तक कई सेलेब्स ने रणवीर को सपोर्ट किया है।
आंखें सेकने दीजिए न- बिद्या बालन
विद्या बालन ने भी हाल ही में रणवीर के सपोर्ट में कहा, "अरे क्या प्रॉब्लम है? पहली बार कोई आदमी ऐसा कर रहा है, हम लोगों को भी आंखें सेकने दीजिए न। अगर आपको यह पसंद नहीं आ रहा है, तो पेपर बंद कर उसे फेंक दीजिए। जो भी आप करना चाहते हैं करो, लेकिन FIR क्यों? लोगों के पास करने के लिए कोई काम नहीं बचा है। इसलिए वो अपना टाइम इन चीजों पर बर्बाद कर रहे हैं।"
रणवीर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
रणवीर आखिरी बार नेटफ्लिक्स के स्पेशल शो 'रणवीर वर्सेस वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' में नजर आए थे। रणवीर, रोहित शेट्टी की अपकमिंग फिल्म 'सर्कस' में जैकलीन फर्नांडिस के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल के आखिर तक रिलीज होगी। इसके अलावा एक्टर, करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में दिखेंगे। इस फिल्म में आलिया भट्ट, जया बच्चन, शबाना आजमी और धर्मेंद्र भी लीड रोल में हैं।

Facebook Conversations