पशुपालन, कीटनाशक, मशरूम, सब्जी व केचुआ उत्पादन पर देंगे जोर:
एनजीजीबी के अंतर्गत गौठानों में पांच तरह की एक्टिविटी पर सबसे ज्यादा फोकस किया जाएगा। इन एक्टिविटी में पशुपालन, जैविक कीटनाशक, मशरूम, केंचुआ उत्पादन, सब्जी उत्पादन जैसे कार्य प्रमुख हैं। इसके अलावा स्थानीय जरूरतों के अनुसार नवाचार किया जा सकता है। जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने एनजीजीबी की समीक्षा बैठक में इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौठानों को स्वावलंबी बनाने के साथ ही उनमें तेजी से आर्थिक विकास के अवसर पैदा करना है। इसके जरिये ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। ताकि गौठान से बिजनेस डेवलप हो सके।
स्व-सहायता समूह करें नवाचार को प्रोत्साहित
सीईओ ने निर्देश दिए कि स्वसहायता समूह ऐसे क्षेत्रों में फोकस करें, जहां स्थानीय बाजार का अच्छा लाभ उठाया जा सकता है। समूहों को इसके लिए तैयार करना है, साथ ही इसे करने के लिए विशेषज्ञता भी प्रदान करनी होगी। एक बार अच्छा नतीजा मिलेगा तो समूह हमेशा के लिए इसे अपनाएगा और भविष्य में दूसरे समूहों के लिए भी राह खुलेगी। इससे ग्रामीणों का जीवन भी सशक्त होगा। इसे लेकर महिला समूहों को विशेष रूप से तैयार करने की योजना है।
शीतलहर को देखते हुए हर क्षेत्र में जलाएंगे अलाव
जिले में शीत लहर के प्रभाव को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को बैठक में जनपद पंचायत क्षेत्र में अलाव जलाने व जरूरत मंदों को कंबल इत्यादि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण जिले के नागरिकों को ठंड के कारण किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नही हो। उन्होंने कहा कि ठंड लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ग्रामीणों की मदद जरुरी है। अफसरों ने कहा कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं।
मनरेगा के कार्यों को तेजी से करें पूरा, मॉनिटरिंग हो
महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रगति लाने जैसा अभिसरण के तहत निर्माण कार्य आंगनबाडी केन्द्र, नवीन ग्राम पंचायत भवन, धान चबूतरा निर्माण, चारागाह, मुक्तिधाम शेड, उचित मूल्य की दुकान, चेक डेम सोक पीट प्रगतिरत निर्माण कार्याे को तत्काल पूर्ण किया जावे। विभाग द्वारा गोधन योजना के तहत मोबाइल मोनिटिंग एप जारी किया गया है, जिसमें गोबर क्रय व विक्रय का ब्यौरा दिया जाता है। प्रतिदिन इसे अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए।

Facebook Conversations