महापौर मीनल चौबे ने भावे नगर नाला सफाई कार्य का किया निरीक्षण, दिए त्वरित सुधार के निर्देश
त्वरित ख़बरें :रायपुर ब्यूरो प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जोन 4 सिविल लाइन वार्ड क्षेत्र के अंतर्गत भावे नगर बस्ती नाला का आज प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। यह निरीक्षण बारिश पूर्व चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत किया गया, जिसमें उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन वार्ड पार्षद प्रतिनिधि श्री संतोष हियाल, जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता श्री शेखर सिंह तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री विरेंद्र चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नाला क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया और विशेष रूप से जलकुंभी हटाने एवं नाले की समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के पूर्व सभी नालों की सफाई कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि बरसात के समय किसी भी प्रकार की जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

जोन कमिश्नर ने महापौर को जानकारी देते हुए बताया कि नाला क्षेत्र में जलकुंभी हटाने सहित सफाई कार्य पूरा किया जा चुका है, लेकिन आसपास स्थित तालाब और नाले का जल स्तर लगभग समान होने के कारण तेज बारिश के दौरान जल का आदान-प्रदान हो जाता है, जिससे ओवरफ्लो की स्थिति बनती है और क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।

इस पर महापौर ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नाले की बेहतर एवं विस्तृत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नाले और तालाब के क्षेत्र को अलग करने के लिए एक विस्तृत तकनीकी योजना का प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, और इसके लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations