किसानों के चक्काजाम से थमा NH-30, डीजल-खाद उपलब्ध कराने की मांग तेज
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

कांकेर। खेती और सिंचाई के लिए डीजल एवं खाद की उपलब्धता नहीं होने से नाराज किसानों ने सोमवार देर रात विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर-जगदलपुर मार्ग) पर चक्काजाम कर दिया। यह प्रदर्शन कांकेर जिले के मांकड़ी क्षेत्र में किया गया, जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के किसानों का आरोप है कि खरीफ सीजन की शुरुआत के बावजूद उन्हें समय पर डीजल और खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। लगातार हो रही परेशानी के कारण खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं सिंचाई के लिए भी किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

किसानों ने बताया कि धान की बुआई और खेतों की तैयारी का समय चल रहा है। ऐसे में डीजल और खाद की कमी से उनकी फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। इसी के विरोध में उन्होंने मध्यरात्रि को मांकड़ी में एनएच-30 पर उतरकर चक्काजाम किया और सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन ने संबंधित विभागों से समन्वय कर डीजल और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की बात कही।

फिलहाल किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि खेती-किसानी से जुड़े जरूरी संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations