गुस्साए लोगों ने घेरा नगर निगम; मटकी फोड़ महापौर और विधायक के खिलाफ की नारेबाजी
त्वरीत खबरे \दुर्ग में पेयजल के लिए हाहाकार:

नगर पालिका निगम दुर्ग प्रशासन निगम क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति का दावा कर रहा है। निगम के इस दावे की पोल तब खुली जब सैकड़ों की संख्या में पुरुष महिलाएं निगम कार्यालय दुर्ग पहुंचे। उन्होंने निगम का घेराव कर वहां मटकी फोड़ी और दुर्ग विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद जीते हैं, उन वार्डों में पानी सप्लाई नहीं दी जा रही है। लोग इतने गुस्से में थे कि यदि पुलिस के अधिकारी और जवान नहीं होते सिर फुटौव्वल भी हो जाती।


घेराव करने पहुंची वार्ड नंबर 37 की निवासी गीता वर्मा और रजनी यादव ने बताया कि उनके वार्ड की पार्षद शारदा सोनी है। वहां गली नंबर 8 में पानी नहीं पहुंच रहा है। गोकुल होटल के आगे पानी का पाइप फूटा हुआ है। 25 दिनों से पार्षद से गिड़गिड़ा रहे हैं, लेकिन वह वहां झांकने तक नहीं पहुंची। पार्षद का कहना है कि इस क्षेत्र से उसे वोट नहीं मिला इसलिए वह उनकी कोई मदद नहीं करेगी।

वरोध करते मोहल्ले के लोग व भाजपाई

वरोध करते मोहल्ले के लोग व भाजपाई

पानी की समस्या को लेकर निगम पहुंची दुर्गा ठाकुर और सोहद्रा निर्मलकर ने कहा कि उनके वार्ड गया नगर वार्ड4 में पानी की बहुत समस्या है। उनकी मांग है कि गिरधारी नगर वार्ड 5 में पानी की टंकी बनी है, लेकिन उससे वार्ड 4 में कनेक्शन न देकर दूसरे वार्डों को दिया गया है। बगल में पानी की टंकी होने के बाद भी वार्ड के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। टैंकर से भी पर्याप्त सप्लाई नहीं की जा रही है।

विधायक को ज्ञापन सौंपते मोहल्ले के लोग

विधायक को ज्ञापन सौंपते मोहल्ले के लोग

इन वार्डों में पानी की किल्लत

विरोध करने पहुंचे श्याम साहू ने बताया कि दुर्ग नगर निगम के वार्ड गयानगर, वार्ड 3 मठपारा, वार्ड 37 आजाद वार्ड, वार्ड 29 अस्पताल वार्ड, बघेरा वार्ड, करहीडीह वार्ड और वार्ड 39 कचहरी वार्ड में पानी की काफी समस्या है। यहां लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

हाथ जोड़ते नजर आए महापौर और विधायक

घेराव के दौरान बड़ी संख्या भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी निगम पहुंच गए। उन्होंने महापौर धीरज बाकलीवाल और विधायक दुर्ग अरुण बोरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोग इतने गुस्से में थे कि बार-बार अंदर जा रहे थे, लेकिन महापौर विधायक ने उन्हें रोका उनके बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। इसके बाद विधायक और महापौर बाहर जमीन पर बैठ गए और लोगों को शांत करने की नाकाम कोशिश की। लोगों ने कहा यदि उनके वार्ड में पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations