गरीब परिवार के इस छात्र की उपलब्धि सुनकर कलेक्टर ने सराहना की और हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
त्वरित ख़बरें - गरीब परिवार के इस छात्र की उपलब्धि सुनकर कलेक्टर ने सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
ट्यूशन पढ़ाकर पूरी की अपनी पढ़ाई, सुरक्षा गार्ड की नौकरी भी की

अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के ग्राम मिरचे निवासी चोमन लाल नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेन्स टेस्ट (नीट) में चयनित हुए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के बाद भी उक्त छात्र ने अपना जज्बा कायम रखा। आगे की पढ़ाई पूरी करने के लिए घर पर ही बच्चों की ट्यूशन ली। वहीं सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम भी किया। चोमन ने बताया कि डॉक्टर की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्टेम सेल में अध्ययन करना चाहते हैं। स्टेम सेल से संबंधित अनुसंधान में उनकी विशेष रुचि है। सोमवार को चोमन ने जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा से मुलाकात की।

गरीब परिवार के इस छात्र की उपलब्धि सुनकर कलेक्टर ने सराहना की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने कहा कि वनांचल में रहने वाले इस छात्र ने राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण मेडिकल परीक्षा में चयनित होकर बता दिया है कि प्रतिभा हर क्षेत्र में हैं, बस जरूरत हैं तो उन्हें मौका देने की। चोमन ने 12 वीं तक की पढ़ाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिल्हाटी से की। उन्होंने स्वयं घर में रहकर ही पढ़ाई की और नीट की परीक्षा में सफलता पाई। तत्काल निराकरण के निर्देश: उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत आवेदन भी किया था लेकिन उनका नाम अपात्र घोषित किया गया है। कलेक्टर ने उनके आवेदन के निराकरण के लिए तत्काल राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर लता उर्वशा को निर्देश दिए। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर टंकेश्वर साहू मौजूद रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations