नो इंट्री में बाइक सवार दंपती को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला के गोद से उसका 9 माह का बेटा उछलकर नीचे गिर गया और पिकअप वाहन के अगले पहिए के नीचे आ गया। पहिया 9 माह के बच्चे के सिर से गुजर गया। घायल हालत में परिजन 9 माह के बच्चे को दुर्ग जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने बच्चे की मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने घटना के बाद पिकअप वाहन के चालक संजय शर्मा निवासी धमधा नाका के खिलाफ धारा 304 ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
दुर्ग कोतवाली पुलिस के मुताबिक घटना रविवार की दोपहर करीब 3.30 बजे इंदिरा मार्केट के समीप हुई है। हादसे में 9 माह के बच्चे प्रियांश धनकर की मौत हो गई। जांच में पता चला कि प्रियांश के पिता विजेश्वर, अपनी पत्नी रंजना, 4 साल के बच्चे योगसन और प्रियांश के साथ बालोद के भरदाकला से अहिवारा जा रहे थे। विजेश्वर की बाइक पर पीछे बेटा योगसन और पत्नी बैठी हुई थी।
पत्नी रंजना की गोद में प्रियांश था। पटेल चौक से स्टेशन रोड जाते समय होटल के सामने पशुओं का आहार लेकर जा रहे वाहन सीजी 08 बी 2555 के चालक संजय ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक विजेश्वर अपने परिवार के साथ ससुराल जा रहा था। पिछले 4 दिन में दुर्ग और भिलाई में 4 हादसे हुए, जिनमें 8 लोगों की मौत हुई, 9 माह का बच्चा भी शामिल है।

Facebook Conversations