दुर्ग बनेगा छत्तीसगढ़ का नया स्पोर्ट्स हब, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को मंजूरी
त्वरित खबरे : सौरभ

दुर्ग जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जिले में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके साथ ही पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर के व्यापक पुनर्विकास का रास्ता भी साफ हो गया है।

पीडब्ल्यूडी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कलेक्टर एवं जिला क्रीड़ांगन समिति के अध्यक्ष अभिजीत सिंह समेत समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में खेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण, खेल परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

समिति ने निर्णय लिया कि बैडमिंटन कोर्ट की भूमि को छोड़कर पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम की शेष भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को 33 वर्षों के लिए लीज पर देने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन को जर्जर एवं अनुपयोगी घोषित कर उनके अपलेखन पर सहमति जताई गई। पुराने ढांचों को हटाने के बाद नई खेल अधोसंरचना के विकास के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो सकेगी।

स्टेडियम परिसर में संचालित दुकानों के अनुबंधों की समीक्षा करते हुए समिति ने विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए संबंधित दुकानदारों को एक माह का नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। अनुबंध की शर्तों के अनुसार दुकानों को खाली कराया जाएगा और सुरक्षा निधि का भुगतान नियमानुसार किया जाएगा।

इसके अलावा, डीएमएफ मद से निर्मित बैडमिंटन कोर्ट के संचालन, रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी जिला क्रीड़ांगन समिति को सौंपी जाएगी। वहीं प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर और आसपास स्थित अस्थायी एवं स्थायी संरचनाओं को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला क्रीड़ांगन समिति के वित्तीय प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिला कोषालय अधिकारी को समिति का कोषाध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही स्टेडियम निर्माण और विभिन्न विभागों के समन्वय के लिए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से दुर्ग जिला छत्तीसगढ़ के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।

दुर्ग में प्रस्तावित यह परियोजना न केवल खेल अधोसंरचना को नई पहचान देगी, बल्कि जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी मजबूत स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations