27 मई 2022
प्रदेश भाजपा संगठन ने दुर्ग जिले में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। इस बार यह जिम्मेदारी दोनों भाजपा सांसदों या भाजपा के दिग्गज नेताओं के करीबी को नहीं दी गई। संगठन ने इस बार खुद जिलाध्यक्ष का नाम तय किया है। यह जिम्मेदारी पाटन विधान सभा के झाड़मोखली गांव के निवासी जितेंद्र वर्मा को दी गई है।

जितेंद्र बीते 8 सालों से भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव हैं। वे जिलाध्यक्ष के साथ-साथ अपनी पुरानी जिम्मेदारी को भी निभाएंगे। दुर्ग जिले में बड़े भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान के चलते भाजपा जिले में लगातार कमजोर होती जा रही थी। पिछले दिनों जेल भरो आंदोलन में भाजपा सांसद सरोज पांडेय, उनके भाई राकेश पांडेय और प्रेम प्रकाश पांडेय गुट के बीच आपसी खींचतान खुलकर आ गई थी।
भाजपा की बैठक में तक में राकेश पांडेय ने सांसद विजय बघेल को आड़े हाथों लिया था। वहीं जेल भरो आंदोलन के दिन तो आमसभा में लगे बैनर से प्रेम प्रकाश पाण्डेय व कुछ बड़े नेताओं नाम और फोटो तक गायब कर दिया गया था। इसी सब खींचतान को देखते हुए संगठन खुद अपने नेता को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। जितेंद्र वर्मा को डॉ. शिवकुमार तोमर की जगह जिलाध्यक्ष बनाया गया है। तोमर लंबे समय से अमेरिका में हैं। उन्होंने अपने निजी कार्य के चलते संगठन से इस्तीफा दिया है।

Facebook Conversations