राजनांदगांव 12 अक्टूबर 2022।
आज जिले के विभिन्न स्थानों से जनसामान्य अपनी समस्याएं लेकर कलेक्टोरेट में आयोजित जनचौपाल में बड़ी संख्या में पहुंचे। कलेक्टर डोमन सिंह ने तन्मयतापूर्वक जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि एक कोशिश ऐसी होनी चाहिए कि जिससे दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ सके और उनकी जिन्दगी बदल जाए। उन्होंने दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता पूर्वक विभिन्न शासकीय विभागों एवं निजी कंपनियों में कार्य देने की पहल की है। इस दौरान कलेक्टर ने दूरस्थ क्षेत्र से आए सेरेब्रल पाल्सी बीमारी से ग्रसित बालक लक्ष्य को व्हीलचेयर दी। छुरिया विकासखंड के ग्राम घोघरे के दिव्यांग टेकराम सलामे ने बताया कि वे बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के साथ ही पल्स पोलियो अभियान, शिक्षा, नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से प्रशस्ति पत्र के लिए आग्रह किया। कलेक्टर ने उनके कार्यों से प्रभावित होकर तत्काल प्रशस्ति पत्र बनाने के निर्देश दिए। वही खुशी बघेल को व्हीलचेयर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। जनचौपाल में पद्मावती देशमुख, तरूण बाल किशोर, भूपेन्द्र कुमार चंद्राकर, दशरू, बुधारू, बिसरू ने किसान पुस्तिका मिलने पर खुशी जाहिर की।

Facebook Conversations