छत्तीसगढ़ में उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठंड
त्वरित खबरे - जगदलपुर-नारायणपुर सबसे ठंडा; 19 से 21 दिसंबर तक बस्तर-सरगुजा संभाग के जिलों में रहेगा घना कोहरा

उत्तर-पूर्व से आ रही हवाओं का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर असमान रूप से पड़ा

उत्तर-पूर्व से आ रही हवाओं का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर असमान रूप से पड़ा है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इस हवा के प्रभाव से तापमान बदला है। इस समय बस्तर संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान सबसे कम है। यहां तक कि प्रदेश के सबसे अधिक ठंडे इलाके अंबिकापुर और पेंड्रा भी बस्तर जितने ठंडे नहीं हो पाए हैं। बताया जा रहा है कि अब उत्तर से ठंडी हवाएं आएंगी, इसकी वजह से ठंड थोड़ी बढ़ेगी।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। यह नारायणपुर कृषि विज्ञान केंद्र में रिकॉर्ड किया गया। दंतेवाड़ा कृषि विज्ञान केंद्र ने 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। मौसम विज्ञान विभाग के जगदलपुर केंद्र ने 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया है। वहीं बीजापुर कृषि विज्ञान केंद्र में 10.2 और कांकेर केंद्र में 11.1 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान रहा है। यह सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे है।

इसके उलट अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह एक दिन पहले के तापमान से 1.1 डिग्री अधिक है, जबकि सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस गर्म है। पेण्ड्रा में भी शुक्रवार-शनिवार की रात का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह एक दिन पहले के न्यूनतम तापमान से 1.1 डिग्री और सामान्य तापमान से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में अभी उत्तर-पूर्व से हवा आ रही है। अब उत्तर से ठंडी हवाएं आनी शुरू होंगी। इसके प्रभाव से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्से में सुबह के वक्त घना कोहरा हो सकता है। रविवार 19 से 21 दिसंबर तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह से ही घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मैदानी इलाकों में कोहरा दिन में जल्दी छंट जाएगा, जबकि बस्तर-सरगुजा संभाग के जिलों में कोहरा दोपहर तक रह सकता है।

रायपुर में सामान्य से अधिक तापमान, मैदानों में दुर्ग सबसे ठंडा

राजधानी रायपुर के तीन केंद्रों से अलग-अलग तापमान मापे गए हैं। हांलाकि यह सामान्य न्यूनतम तापमान से अधिक ही हैं। रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। माना हवाई अड्‌डे पर यह 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है।

वहीं कृषि विज्ञान केंद्र लाभांडी में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह एक दिन पहले के तापमान से .5 डिग्री अधिक गर्म है। दुर्ग के दो अलग-अलग केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 11.6 और 11.1 मापा गया है। यह सामान्य से 1.7 से 2 डिग्री तक कम है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations