रूस ने यूक्रेन के साथ शांति वार्ता में अपनी सेना को पीछे बुलाने का ऐलान किया है। इसके बाद यूक्रेन की राजधानी कीव से सैनिकों को पीछे हटाना शुरू कर दिया गया है। इसमें रूसी बटालियन टैक्टिकल ग्रुप (BTG) भी शामिल है, जो यूक्रेन के राजधानी के आसपास के क्षेत्रों से पीछे हट रही है। दरअसल, रूसी सेना अब दक्षिण और पूर्व में बढ़त बनाने के लिए उत्तर के कुछ क्षेत्रों में पीछे हट रही है।
सीजफायर पर नहीं बनी सहमति
रूस की तरफ से ये कदम तब उठाया गया है, जब मंगलवार को तुर्की के इस्तांबुल में रूसी और यूक्रेनी डेलीगेशंस के बीच शांति वार्ता हुई। इस वार्ता के बाद यूक्रेन के डेलीगेशन में शामिल अधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की के बीच बैठक हो सकती है।
खबरों के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति के सहयोगी व्लादिमिर मेडिंस्की ने मंगलवार को कहा कि कीव और चेर्निहाइव के आसपास से रूसी सैनिकों को पीछे हटना सीजफायर नहीं है। तुर्की में हुई बातचीत को रूस ने सकारात्मक बताया है। साथ ही सैनिकों को कीव और चेर्निहाइव पर हमले कम करने के लिए भी कहा है। इसकी एक वजह हो सकती है यूक्रेन का न्यूट्रल स्टेटस। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि वे न्यूट्रल रहेंगे, यानी यूक्रेन सैन्य गठबंधनों में शामिल नहीं होगा लेकिन बदले में सुरक्षा की गारंटी मिले।
रूस ने कहा है कि वह राजधानी कीव के चारों तरफ से इसलिए अपनी सेना को कम कर रहा है ताकि दोनों देशों के बीच बातचीत का सकारात्मक माहौल बन सके। यह कदम इस्तांबुल में यूक्रेनी डेलीगेशन की तरफ से शांति वार्ता के दौरान राजधानी की सुरक्षा की गारंटी मांगे जाने के एवज में उठाया गया है।

Facebook Conversations