भिलाई निगम के मुख्य कार्यालय के बाहर बुधवार को बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति व बीजेपी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के बैनरतले प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन केनाल रोड के घटिया निर्माण, बनने से पहले उखड़ने और चलने लायक नहीं होने की शिकायत को लेकर किया गया। प्रदर्शनकारियों ने निगम के अधिकारियों को अन्य समस्याओं से भी अवगत कराया। साथ ही एसडीएम छावनी मुकेश रावटे, उपायुक्त सुनील अग्रहरी को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष और प्रदेश भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के सदस्य दया सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे। प्रदर्शन के दौरान जोन-4 खुर्सीपार के आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने 10 समस्याओं का ज्ञापन भी सौंपा। इसमें स्ट्रीट लाइट बंद होने, खुर्सीपार में सीवरेज लाइन की समस्या, पेयजल व्यवस्था, अघोषित बिजली कटौती, तेल्हानाला के चैनेलाइजेशन के काम में देरी, हाईवे के ड्रेनेज सिस्टम में गड़बड़ी, लचर सफाई व्यवस्था, डेंगू विरोधी अभियान, पेवर ब्लॉक लगाने में गड़बड़ी, खस्ता हाल सड़कों के सुधार जैसे विषयों के तत्काल समाधान की मांग की गई।

Facebook Conversations