तालीम हमारी सबसे बड़ी जरूरत, हर हाल में इसे हासिल करें: डॉ. परवेज
त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

इकरा टीचर्स एसोसिएशन भिलाई ने मेधावी बच्चों का किया सम्मान

भिलाई। इकरा टीचर्स एसोसिएशन भिलाई की ओर से 10वीं और 12वीं के इम्तिहान में कामयाबी हासिल करने वाले बच्चों की हौसला अफजाई के लिए कार्यक्रम का आयोजन रविवार को मुस्लिम कम्युनिटी हॉल, जामा मस्जिद सेक्टर-6 में रखा गया।

इस दौरान सत्र 2023-24 मे 10वीं और 12वीं के इम्तिहान में 70 फीसदी या उससे ज्यादा अंक हासिल करने वाले 55 मेधावी बच्चों की हौसला अफजाई की गई। इन सभी को इनाम दिए गए। इकरा एसोसिएशन की ओर से विगत 15 सालों में की गई इमदाद के बूते अपना भविष्य संवार चुके 25 नौजवानों को भी इस दौरान खास तौर पर बुला कर उनका भी सम्मान किया गया। ये सभी नौजवान सरकारी, गैर सरकारी और विदेशी संस्थानों में सेवारत हैं।

इससे पहले आयोजन की शुरुआत पवित्र कुरान की तिलावत से हुई। मेहमाने खुसूसी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में केमिस्ट्री के प्रोफेसर डॉ. शम्स परवेज ने ‘इकरा’ की सराहना करते हुए कहा कि आज हमारी सबसे बड़ी जरूरत तालीम है और जिंदगी में चाहें कितनी भी दुश्वारियां आए हमें तालीम हासिल करना ही है। मेहमाने अज़ीजी प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ और मध्यप्रदेश शासन में संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रहे डॉ. आर.ए. सिद्दीकी ने ‘इकरा’ के काम को वक्त की जरूरत बताते हुए अपील की कि समाज के जिन बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक वजहों से रुकावट आ रही है, उनकी पूरी पढ़ाई का वह जिम्मा लेना चाहते हैं।

इस दौरान आर्किटेक्ट फखरुद्दीन फारुक़ी, भिलाई स्टील प्लांट में पदस्थ अफसर मजहर अनीस, समी अख्तर फारुकी, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी क्यू.ए.खान, डीपीएस जूनियर की प्रिंसिपल सादिया फारूकी, बीआईटी दुर्ग के प्रोफेसर हाजी अयाज अहमद, भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट के सदर मिर्जा आसिम बेग, रिटायर बीएसपी अफसर शमशुज्जुहा खान, शाहिद अख्तर रायपुर, ग्रीन वेलफेयर सोसाइटी के यासीन खान व अजहर अली और निजामत कर रहे उर्दू के अफसाना निगार रौनक जमाल ने भी संबोधित किया। इसके पहले इकरा टीचर्स एसोसिएशन की सदर यास्मीन नाज ने उपस्थित लोगों के सम्मुख संस्था की गतिविधियों का ब्यौरा रखा। सरपरस्त समीना फारुकी ने भी अपनी बात रखी। सचिव एयू खान ने ‘इकरा’ की पहल से अब तक अपना भविष्य संवार चुके बच्चों का ब्यौरा दिया।

आयोजन में बैतुल माल कमेटी से अब्दुल हफीज,अल मदद वेलफेयर सोसाइटी, उम्मीद फाउंडेशन और रिसाली मस्जिद कमेटी के अराकीन, इकरा टीचर्स एसोसिएशन से शेख जाफर, सैयद जाफर, शायना परवीन, गौसुल वरा खान, शाहीन जहाँ,मोहसिन अली खान, साजिद अली खान, हाजी अब्दुल हफीज, अजमेरी खान, अखलाक, हबीब, कुरैशी, नसरीन नाज शबनम, शहनाज और एस.डी, कुरैशी सहित तमाम लोगों ने अपनी भागीदारी दी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations