संजय दत्त की बेटी त्रिशाला ने रविवार रात को इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' में फैन्स के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान फैन्स ने त्रिशाला से पूछा कि उनके वेडिंग प्लान्स क्या हैं? 33 साल की त्रिशाला ने कहा कि इस उम्र में डेटिंग डिजास्टर होती है। वो तब शादी कर लेंगी जब उन्हें 'प्रॉपर जेंटलमैन' मिल जाएगा।
त्रिशाला बोलीं, जब मुझे ऐसा सपनों का राजकुमार मिल जाएगा जो उन्हें प्यार , इज्जत और एप्रिशिएशन देगा तो मैं जरूर शादी करूंगी और मैं भी हैप्पी वाइफ और हैप्पी लाइफ की तरह रहूंगी। इसके अलावा फैन्स ने त्रिशाला से पूछा कि क्या उनका बॉलीवुड में आने का और संजय दत्त की विरासत को आगे बढ़ाने का कोई प्लान है तो त्रिशाला बोलीं, नहीं, मैं अपनी खुद की विरासत को पीछे छोड़कर जाने के लिए काम कर रही हूं।
कचरे के डिब्बे की तरह ट्रीट करता था बॉयफ्रेंड
त्रिशाला इससे पहले भी कई बार अपने रिश्तों के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। इस साल फरवरी में उन्होंने सोशल मीडिया पर बॉयफ्रेंड द्वारा टॉर्चर किए जाने की कहानी बताई थी। उन्होंने कहा था कि वे एक ऐसे रिलेशनशिप में थीं, जिसमें उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें धीरे-धीरे अपने दोस्तों से भी दूर कर दिया था। त्रिशाला ने बताया था कि उनका बॉयफ्रेंड उन्हें कचरे के डिब्बे की तरह ट्रीट करता था।
मेरा सबसे लंबा रिलेशनशिप 7 साल तक चला था
दरअसल, एक फैन ने 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन में त्रिशाला दत्त से सवाल किया था कि उनका सबसे लंबा रिलेशनशिप कितने वक्त तक चला था? और वो क्यों टूटा? इसके जवाब में त्रिशाला दत्त ने कहा, "मेरा सबसे लंबा रिलेशनशिप सात साल तक चला था। और वो रिश्ता क्यों टूटा, इसकी मैं ज्यादा डिटेल नहीं देना चाहूंगी। बस इतना कहूंगी कि हम दोनों ने उस वक्त आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।"
आज वो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं
त्रिशाला दत्त ने आगे कहा, "वो उस समय एक नई जिंदगी के लिए तैयार था, लेकिन मैं तैयार नहीं थी। हमारे बीच मतभेद पैदा होते चले गए। कुल मिलाकर हम दोनों बहुत दूर हो गए थे। ऐसा होता है। आज वो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। मेरी शुभकामनाएं उसके साथ हैं।" एक अन्य यूजर ने जब त्रिशाला दत्त से पूछा कि क्या उन्हें कभी प्यार में धोखा मिला है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हां मिला है। लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
संजय दत्त की पहली पत्नी की बेटी हैं त्रिशाला
बता दें कि, त्रिशाला एक्टर संजय दत्त और उनकी पहली पत्नी और दिवंगत एक्ट्रेस ऋचा शर्मा की बेटी हैं। त्रिशाला का अपने माता-पिता की तरह एक्टर बनने का भी कोई प्लान नहीं है। वे लाइमलाइट से दूर ही रहती हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं।

Facebook Conversations