दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना उतई और थाना जामुल क्षेत्र में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 129 पौवा अवैध शराब, शराब बिक्री की नकद राशि और अपराध में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल सहित करीब 57,700 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को चलाए गए अभियान के तहत उतई शराब भट्टी के पास दबिश देकर राम स्वरूप ठाकुर और गजेंद्र यदु को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 30 पौवा अवैध शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं, नहर पुलिया डुंडेरा रोड, नहरपारा में विजय यादव के पास से 30 पौवा अवैध शराब जब्त की गई।
इसी तरह नहर पुलिया डुंडेरा, उतई में देवदास कोसले के कब्जे से 36 पौवा अवैध शराब और शराब बिक्री के 300 रुपये नकद बरामद किए गए। थाना जामुल क्षेत्र के ग्राम सुरडूंग मोड़ रोड पर जश कुमार जोशी के पास से 33 पौवा अवैध शराब और बिक्री के 500 रुपये नकद जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे। अभियान में थाना उतई और थाना जामुल के पुलिस अधिकारियों, विवेचना अधिकारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब, मादक पदार्थों के परिवहन, बिक्री या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Facebook Conversations