रायपुर में पेंशन हितग्राहियों के लिए विशेष शिविर, 22 जून से 22 जुलाई तक होगा समस्याओं का समाधान
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। निराश्रित पेंशन योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रायपुर नगर पालिक निगम ने विशेष पहल की है। निगम द्वारा 22 जून से 22 जुलाई 2026 तक शहर के सभी 10 जोन कार्यालयों में विशेष समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

निगम प्रशासन के अनुसार, सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को पेंशन प्राप्त करने में आने वाली तकनीकी और बैंकिंग संबंधी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करते हुए हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

विशेष शिविरों में केवाईसी संबंधी कार्य, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर अपडेट, मृत हितग्राहियों की जानकारी एवं पंचनामा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया, बैंक खाते के ब्लॉक होने की समस्या, आधार का एनपीसीआई से लिंक नहीं होने की समस्या तथा अन्य बैंकिंग संबंधी दिक्कतों का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।

निगम प्रशासन ने पेंशन हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित जोन कार्यालय में आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।

रायपुर नगर पालिक निगम का यह प्रयास पेंशन योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी बाधा के जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations