राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए अमलीडीह गौठान को किया जाएगा सम्मानित
tvarit khabren

राजनांदगांव 14 अगस्त 2023। राज्य स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में डोंगरगांव विकासखंड के अमलीडीह गौठान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। सुराजी गांव योजनांतर्गत स्थापित गौठानों का संचालन व प्रबंधन गौठान समिति एवं ग्राम पंचायत के माध्यम से किया जा रहा है। गौठानों में स्वसहायता समूह द्वारा संचालित विभिन्न आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डोंगरगांव विकासखंड के अमलीडीह गौठान को 15 अगस्त को राज्य स्तर पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौठान समिति के अध्यक्ष सोनू राम पटेल को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर  डोमन सिंह के मार्गदर्शन तथा सीईओ जिला पंचायत  अमित कुमार के निर्देशन में सुराजी गांव योजना के क्रियान्वयन की दिशा में विशेष कार्य किए जा रहे हैं। गौठानों में विभिन्न आजीविका गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बन रही है। कलेक्टर  सिंह की पहल पर जिले के गौठानों में गौठान मेला का भी आयोजन किया गया। सभी के सतत प्रयासों से जिले के गौठानों में अधोसंरचना निर्माण तथा विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के लिए अथक प्रयास किए गए। जिसके सार्थक परिणाम रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के ग्राम अमलीडीह गौठान को प्रदेश में उत्कृष्ट गौठान के रूप में चयनित किया गया है तथा जिले को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations