पुलिसकर्मी की बेटी का गला काटकर हत्या, पुराना दोस्त हिरासत में
त्वरित खबरें/ निशा रिर्पोटिंग

भोपाल क्राइम न्यूज़: भोपाल। राजधानी में महिला अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर एक 18 वर्षीय युवती की गला काटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतका एक पुलिस कर्मी की बेटी है। पुलिस इस हत्याकांड में मृतका के एक मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी लगने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे है। शव को पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा जा रहा है।

रातीबड़ थाने के थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि नेहरू नगर निवासी नीशु चौहान पढ़ाई करती है, उसके पिता राजधानी के गौतम नगर थाने में प्रधान आरक्षक है। शाम करीब साढ़े चार बजे सूचना मिली थी कि जूडिशियल अकादमी भदाभदा के पास एक युवती का लहुलूहान हालत में शव पड़ा हुआ है।


मौके पर पहुंचकर उसके पास से मिले दस्तावेज से उसकी शिनाख्त हुई, उसके बाद तत्काल उसके बारे में जानकारी जुटाकर उसके एक पुराने दोस्त को हिरासत में लिया गया है। उस पर उसकी हत्या करने की शंका है।

उससे पूछताछ की जा रही है। उसके यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिरकार हत्या करने का कारण क्या है। पुलिस ने मामले में युवती का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस मृतका के स्वजनों से भी पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations