बिहार के बेतिया में चल रहे 12वीं के प्री बोर्ड एग्जाम में छात्रों ने अपने आंसर शीट में अजीबोगरीब बातें लिखी हैं। एक छात्र ने अपने माता-पिता के नाम की जगह प्रियंका चोपड़ा और सन्नी देओल लिखा है। वहीं एक अन्य छात्र ने इतिहास के सवाल का अजीब सा जवाब दिया है।
बेतिया के राम लखन सिंह यादव कॉलेज के पहले आसंर शीट पर शिवशंकर कुमार नाम के एक विद्यार्थी ने अपनी मां के नाम की जगह प्रियंका चोपड़ा तथा पिता के नाम में सनी देओल लिखा है, जबकि रोल नंबर वाली जगह खाली है।
वहीं, इतिहास में पूछे गए प्रश्नों का उसने अजीबोगरीब जवाब लिखा है। प्रश्न में पूछा गया कि अकबर ने जजिया कर क्यों समाप्त कर दिया? इसका उत्तर छात्र ने लिखा- "रजिया से प्यार के कारण अकबर ने जजिया कर हटा दिया...'। वहीं, एक और प्रश्न पुरातत्व से आप क्या समझते हैं? के जवाब में छात्र ने लिखा- "मास्टर साहब ने हमको नहीं पढ़ाया। हमको पुरातत्व से कुछ समझ नहीं आता।
लिख दी बेवफाई की कहानी
दूसरी वायरल कॉपी राम लखन सिंह यादव कॉलेज के आदित्य कुमार, रोल नंबर-170 की है। उसने बिजनेस स्टडीज की परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों की जगह अपनी बेवफाई की कहानी लिख दी। इस मामले में राम लखन सिंह यादव कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर राजेश्वर प्रसाद यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


Facebook Conversations