फुटू की सब्जी बनी ज़हर! बालोद में एक ही परिवार के 13 लोग फूड पॉइजनिंग से अस्पताल में भर्ती...
त्वरित खबरें - आभा किंडो रिपोर्टिंग

बालोद। डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम मुड़खुसरा में फूड पॉइजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक हल्बा परिवार के 13 सदस्य फुटू की सब्जी खाने के बाद उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के चलते बीमार पड़ गए। सभी को तत्काल डौंडीलोहारा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक ब्यारे में पैरा के ढेर पर फुटू उग आया था, जिसे महिलाओं ने तोड़कर सब्जी बनाई थी। फुटू की मात्रा कम होने के कारण सबने थोड़ा-थोड़ा ही खाया था। लेकिन करीब दो घंटे बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के पुरुष सदस्य उस समय अपने काम में व्यस्त थे और उन्होंने यह सब्जी नहीं खाई, जिससे वे सुरक्षित हैं।

महिलाओं और बच्चों पर ज़्यादा असर हुआ है। बीएमओ डॉ. विनोद चौरका ने बताया कि सभी पीड़ितों को समय रहते अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations