निकाय चुनाव 715 प्रत्याशियों का फैसला आज:- गणना के लिए कल्याण कॉलेज में बनाए केंद्र में पुलिस बल की तैनाती।
चारों नगरीय निकाय व उतई वार्ड 5 में हुए उपचुनाव के दौरान मतों की गणना गुरुवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी। भिलाई, रिसाली, चरोदा और जामुल नगरीय निकाय के 715 प्रत्याशियों के हार-जीत का फैसला होगा। वोटों की गिनती वार्डवार होगी। प्रत्येक वार्ड में जितने पोलिंग बूथ बनाएं गए थे उतने राउंड वोटों की गिनती चलेगी।
यानी यदि एक वार्ड में 8 पोलिंग बूथ हैं तो आठ राउंड होंगे। भिलाई निगम में सबसे बड़ा वार्ड 12 रानी अवंतिबाई कोहका का है। यहां 10 पोलिंग बूथ रहे इसलिए दस राउंड वोटों की गिनती होगी। मतपेटी से निकालकर 50-50 मतपत्र के बंडल बनाकर गिनती होगी। अधिकारियों के मुताबिक देर शाम तक सभी वार्डों में हार-जीत के परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। चारों निकायों के मतों की गणना के लिए अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं।
कोहका क्षेत्र के वार्ड में ज्यादा राउंड में गिनती
भिलाई निगम में वार्ड 12 रानी अवंतिबाई वार्ड कोहका सबसे ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए गए थे, इसलिए यहां 10 राउंड की गिनती होगी। रिसाली में वार्ड 25 आशीष नगर वार्ड में सबसे ज्यादा 5 राउंड की गिनती की जाएगी। चरोदा में सबसे ज्यादा चार राउंड की गणना होगी। इसमें वार्ड 18,20,28,30 और 32 हैं। जामुल नगर पंचायत में सबसे ज्यादा दो राउंड होंगे।
सबसे कम राउंड इन वार्डों में, जल्दी पूरी होगी गिनती
भिलाई निगम में सबसे कम राउंड वाले छह वार्ड हैं, जहां चार राउंड की गिनती होनी है। इसमें वार्ड 44, 52, 54, 57, 64 और 68 वार्ड शामिल हैं। रिसाली निगम में सबसे कम दाे-दो राउंड होंगे। इसमें वार्ड 4, 9, 10, 12, 16,19, 32, 33 शामिल हैं। चरोदा निगम में सबसे कम दो राउंड होंगे। इसमें वार्ड 6,10, 15, 21, 33, 36, 37 और 38 वार्ड शामिल हैं।
सीसीटीवी कैमरे से होगी सभी केंद्रों में निगरानी
मतगणना केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। इस कैमरे से प्रत्येक मतगणना कक्ष और बाहर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। स्ट्रांग रूम में मतपेटियां कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कक्ष में सुबह लाई जाएगी। मतगणना केंद्र के भीतर कोविड गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। प्रत्येक टेबल में एक सुपरवाइजर होंगे और उनके दो सहायक होंगे।
जीत के बाद प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट होंगे जारी
जीतने वाले प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट भी देने की व्यवस्था मतगणना केंद्र में की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी खेमलाल वर्मा ने बताया कि जीतने वाले प्रत्याशियों को रिटर्निंग अफसर सर्टिफिकेट वितरण भी शुरू कर देंगे। मतगणना परिसर के भीतर प्रत्याशियों को विजयी जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। इसे लेकर क्षेत्र को प्रतिबंधित किया गया है।

Facebook Conversations