नगरीय निकाय पेन्शनरों ने मनाया पेन्शनर दिवस...
त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

राजनांदगाँव। छत्तीसगढ़ के नगर निग़म एवं नगर पालिका के पेन्शनरों ने प्रांताध्यक्ष डॉ डी सी जैन के आमंत्रण पर दिनांक 17 दिसंबर को सुभाष स्टेडियम रायपुर में स्थित संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन के कार्यालय के नीचे सभागार में गरिमापूर्वक पेंशनर दिवस मनाया गया।छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय पेन्शनर संघ द्वारा पेन्शनर दिवस के अवसर पर संघ का साधारण सभा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में राजनांदगाँव, महासमुंद, तखतपुर, मूँगेली, सकती, धमतरी, भाँटापारा, नैला, तिलदा नेवरा, बाग़बाहरा, कांकेर, गोबरा-नवापारा के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं संयुक्त संचालक लोकेश्वर साहू, सहायक संचालक शिनु भारती एवं प्रांताध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रांताध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि साहू को टीका लगाकर एवं माल्यार्पित कर स्वागत किया गया। उन्होंने सहायक संचालक का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया। इसके पश्चात् मुख्य अतिथि एवं प्रांताध्यक्ष द्वारा सम्मेलन में उपस्थित सभी पेन्शनरों का स्वागत टीका लगाकर एवं माल्यार्पण कर किया गया। उपस्थित पेन्शनरों ने अतिथियों एवं प्रांताध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। पेन्शन दिवस 17 दिसंबर के संबंध में प्रकाश डालते हुए प्रांताध्यक्ष डॉ जैन द्वारा यह बताया गया कि भारत में पेन्शनर दिवस का शुरुआत 1983 से किया गया। पेन्शनर दिवस माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिनांक 17/12/1982 को डी एस नकरा VS यूनियन ऑफ़ इंडिया प्रकरण पर दिनांक 17/12/1982 को दिये गये सर्व सम्मत निर्णय की याद में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि डी एस नकरा पूर्व डिफ़ेंस मिनिस्ट्री ऑफिसर थे जिन्होंने पेन्शनरों के हक़ के लिए 1979 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका प्रस्तुत की थी जिसका निर्णय दिनांक 17/12/1982 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा किया गया था। सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय सेवा निवृत्त अधिकारियों एवं पेंशन भोगियों को सम्मान और शालीनता की गारंटी देता है। उन्होंने नगरीय निकाय पेन्शनरों को पेंशन देने के संबंधी कार्यवाही मध्य प्रदेश शासन के समय 1972 से की जाती रही तथा कई बार पेन्शनरों द्वारा आयोजित धरना आंदोलन के फल स्वरूप 1975 से पेंशन नियम लागू किए गए। उन्होंने अपने संबोधन में पेन्शनरों की कठिनाइयों का ज़िक्र करते हुए उसके निवारण हेतु नगरीय प्रशासन मंत्री, सचिव एवं संचालक से भेंट करने की बात कही। मुख्य अतिथि  लोकेश्वर साहू द्वारा पेन्शनरों को संबोधित करते हुए उनकी समस्या का निवारण विभागीय स्तर पर करने का आश्वासन दिया तथा उन्होंने प्रांताध्यक्ष डॉ जैन द्वारा लंबे अरसे से पेन्शनरों के हित में किए गये कार्यों की सराहना की। सहायक संचालक शिनु भारती ने भी पेंशनरों को संबोधित किया। तत्पश्चात प्रांताध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि के धन्यवाद ज्ञापन के साथ प्रथम सत्र का समापन किया गया।पेन्शनर संघ के द्वितीय सत्र में नगरीय निकाय पेन्शनर संघ का वर्ष 2023-24 के आय-व्यय पर स्वीकृति दी गई। दूसरे प्रस्ताव में नगरीय निकाय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उनके नगर पालिका में एल्डरमैन नियुक्त करने बाबत् शासन से माँग करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही अन्य विषयों पर विचार कर सर्वसम्मिति से स्वीकृत किया गया। नगर निगम धमतरी, राजनांदगाँव तथा महासमुंद के प्रतिनिधियों ने पेन्शनर दिवस के आयोजन तथा नगरीय निकाय पेन्शनरों के समाधान के लिए प्रांताध्यक्ष डॉ जैन द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। प्रांताध्यक्ष द्वारा कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कर आयोजन को सफलता के उच्च शिखर पर पहुँचाने के लिये पेन्शनरों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations