महापौर ने की सफाई कार्यो की समीक्षा
त्वरित ख़बरें - लचर सफाई व्यवस्था पर संबंधितों को सुधार के दिये कड़े निर्देश

राजनांदगांव 5 जनवरी। महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने आज अपने कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर लचर सफाई व्यवस्था पर नराजगी व्यक्त करते हुये गुणात्म सुधार के निर्देश दिये। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य श्री गणेश पवार सहित महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यगण सर्वश्री संतोष पिल्ले, मधुकर वंजरी, सतीश मसीह, श्रीमती सुनीता फड़नवीस,पार्षद  अरविन्द्र वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि  संचिन टुरहाटे, उपायुक्त  सुदेश कुमार सिंह, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी  अजय यादव उपस्थित थे।

महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था चरमरा गयी है, ग्रामीण वार्ड मोहारा, कन्हारपुरी सहित शहर के आंतरिक वार्डो में भी साफ सफाई का आभाव है। सभी कर्मचारी निर्धारित समय तक अपने कार्य में उपस्थित नहीं रहतेे, नाली नालों की नियमित रूप से सफाई नहीं हो पा रही है,रात्रिकालीन सफाई ठीक से नहंी हो रही है, गोल बाजार क्षेत्र के लोगों द्वारा सफाई नहीं होने की शिकायत की गयी है। पार्षदों सहित नागरिकों ने भी इस संबंध में शिकायत किये है। आप सभी स्वच्छता निरीक्षक, सफाई दरोगा, वार्ड चपरासी गंभीरता से कार्य करे। सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले एवं अनुपस्थित कर्मचारी पर कड़ी कार्यवाही करे।

महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि प्रतिदिन निधारित समय तक गलियों, सड़कों व नालियों की सफाई करे, कचरा उठाये, डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य शतप्रतिशत करना सुनिश्चित करे। मेरे द्वारा भी शहर भ्रमण के दौरान सफाई में कमी पाई गई, उद्यानों में साफ सफाई नहीं हो पा रही है। प्रतिदिन वार्डो में 11-12 बजे तक सफाई कराने के उपरांत उद्यानों में सफाई कराना सुनिश्चित करे, चुना एवं दवाई का छिडकाव करे, मच्छर बढ़ने को ध्यान में रखते हुये प्रतिदिन फागिंग कराये। उन्होंने  कहा कि प्रतिदिन रजिस्टर की जॉच प्रभारी सदस्य व स्वच्छता निरीक्षकों से करावे, सफाई में सुधार लाये तभी हम स्वच्छता रैंकिंग में उच्च स्थान प्राप्त कर सकते है।

स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य  गणेश पवार ने कहा कि सफाई कार्य समाप्ति उपरांत दोपहर 1 बजे उपस्थिति लेवे। निर्धारित समय तक कार्य नहीं करने वाले सफाई कर्मी को अनुपस्थित करे। डोर टू डोर कचरा संग्रहण, सभी क्षेत्रों में नहीं हो पा रहा है उसे पूरा करे, यूजर चार्ज वसूली करे। उन्होंने कहा कि वार्डो में सफाई प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। जिसमें ठेके के वार्ड में अलग प्रतियोगिता होगी और शतप्रतिशत सफाई वाले वार्ड एवं अच्छे कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को पुरूस्कार दिया जावेगा। बैठक में स्वच्छता निरीक्षक  राजेश मिश्रा,  राजेश वर्मा,  दीपक श्रीवास्तव,प्र.स्वच्छता निरीक्षक  भूषण मेश्राम सहित सफाई दरोगा वार्ड चपरासी उपस्थित थे।

महापौर  ने किया वार्ड नं. 46 में रोड व नाली निर्माण का भूमि पूजन

राजनांदगांव 5 जनवरी। महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख द्वारा आज वार्ड नं. 46 क्लब चौक में अधोसंरचना मद अंतर्गत 10 लाख रूपये की लागत से रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन पूजा अर्चना कर श्रीफल फोड कर किया गया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व वार्ड पार्षद श्री हरिनारायण पप्पू धकेता, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्यगण सर्वश्री सतीश मसीह,संतोष पिल्ले, गणेश पवार व राज तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वार्ड के बलीराम यादव, परदेशी यादव, मुन्ना गोड़, नरेश यादव, नागेश यादव, लक्ष्मीकांत श्रीवास्तव द्वारा अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा रोड व नाली निर्माण कार्य का पूजा अर्चना कर, श्रीफल फोड कर, गैती चलाकर भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम में महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत राशि से शहर के 51 वार्डो में विकास कार्य कराये जा रहे है, इसी कडी में आज इस वार्ड के क्लब चौक में रोड एवं नाली निर्माण कराने भूमिपूजन किया जा रहा हैै। उक्त कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ कराया जायेगा। इसी प्रकार अन्य विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर वार्ड में कराये जायेगें। इस अवसर पर उप अभियंता  दिलीप मरकाम सहित वार्डवासी उपस्थित थे।

अवैध कालोनी, अवैध प्लाटिंग एवं बिना अनुमति भवन निर्माण के प्रकरणों पर कार्यवाही करने

सहायक अभियंता संदीप तिवारी नोडल अधिकारी नियुक्त

राजनांदगांव 5 जनवरी। नगर निगम सीमाक्षेत्र में हो रहे अवैध प्लाटिंग, अवैध कालोनी निर्माण एवं बिना अनुमति भवन निर्माण के संबंध में कार्यवाही किये जाने नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने प्र.सहायक अभियंता संदीप तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।  तिवारी उक्त प्रकरणोें की जॉच कर कार्यवाही हेतु उच्च अधिकारियों को प्रेषित करेंगे।

आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने संबंधित वार्ड के प्रभारित उप अभियंता एवं पटवारी निगम सीमाक्षेत्र में हो रहे अवैध प्लाटिंग, अवैध कालोनी एवं बिना अनुमति भवन निर्माण के संबंध में नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 तथा कालोनाईजर का रजिस्ट्रीकरण का निर्बन्धन तथा शर्ते संशोधन नियम 2013 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही हेतु विभागीय लिपिक  चन्द्रशेखर भुआर्य के माध्यम से नोडल अधिकारी  संदीप तिवारी को प्रस्तुत करेंगे।  तिवारी परीक्षण उपरांत कार्यवाही हेतु उच्च अधिकारी को प्रेषित करेंगे।

प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत लखोली में निर्मित आवासों में अवैध रूप से रह रहे परिवारों को आवास रिक्त करने आयुक्त ने दी समझाईस

राजनांदगांव 5 जनवरी। राजनांदगॉव निकाय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 35 लखोली में प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक ए.एच.पी के तहत 304 आवासों का निर्माण किया गया है, जहॉ इस शहर की झुग्गी बस्तियों में निवासरत परिवारो को व्यवस्थापन के तहत् आबंटित किये जा रहे है। उक्त आवास में लगभग 14 परिवारो के द्वारा माह सितम्बर से आवासों में लगे ताला तोडकर कब्जा कर के अवैधानिक रूप से रह रहे है। इन परिवारो को नगर निगम के अधिकारियों द्वारा तहसीलदार व पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में दो से तीन बार नोटिस देकर समझाईस दी गयी तथा इन्हे काबिज आवास से हटाने का प्रयास भी किया गया पर ये परिवार बार-बार समझाने एवं नोटिस देने बाद भी कब्जा नही छोड रहे है एवं इनके द्वारा आवास रिक्त कराने के दौरान इन परिवारो के द्वारा अपने उपर कैरोशिन तेल छिडक कर जलने की धमकी दी जाती है। इस स्थिति में आज आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उन सभी परिवारो को नगर निगम बुलाकर समझाईस दिये।

आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवास में व्यवस्थापन के अलावा अन्य कोई भी प्रक्रिया में  आबंटन नही किया जा सकता। उन्होंने सभी परिवारो को कब्जा छोडने के एवज में आई.एच.एस.डी.पी. योजनांतर्गत वार्ड क्रमांक 20 पेण्ड्री में पक्के और सुविधायुक्त आवास बने है। उन आवासों में इन काब्जि परिवारो को साहनुभूतिपूर्ण आवास प्रदान करने की पेशकश की जिसे ये काब्जि परिवारों के द्वारा लेने से इनकार कर दिया गया सभी काबिज परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास प्रदान करने के लिए पात्रता नही रखते है। प्रधानमंत्री आवास योजना के घटक मोर मकान मोर चिन्हारी शहर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के लिए शासन के द्वारा एवं बहुदेशिय महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत् शहर में चिन्हाकिंत झुग्गी बस्तियों में निवास कर रहे परिवारो को व्यवस्थापन के तहत् ही आवास प्रदान किये जा रहे है। उन्होंने स्पष्ट रूप से सभी परिवारो से कहा की आप 07 दिवस के अंदर अपने काबिज आवास को खाली कर आई.एच.एस.डी.पी. के आवासों में रहना सुनिश्चित् करे अन्यथा की स्थिति में शासन द्वारा काबिज आवासों को खाली कराने पर किसी प्रकार की कोई क्षति होती है, तो इसके जवाबदार ये सभी परिवार स्वयं होंगे। इस अवसर पर उपायुक्त  सुदेश कुमार सिंह, कार्यपालन अभियंता व प्रधानमंत्री आवास योजना के नोडल अधिकारी  यू.के.रामटेके, सहायक नोडल अधिकारी व प्र.सहायक अभियंता  संदीप तिवारी उपस्थित थे।  

भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण से पंजीयन की प्रति उपलब्ध कराने कालोनाईजर  कंवर डेव्हलपर्स को निगम आयुक्त ने दिया नोटिस

राजनांदगांव 5 जनवरी। कालोनाईजर  कंवर डेव्हलपर्स पार्टनर  राजकुमार पंजवानी आ. स्व. श्री चुंहड़मल निवासी पुराना सिविल लाईन वार्ड नं. 14 राजनांदागांव द्वारा बिना रेरा से पंजीयन कराये कालोनी विकास (व्यवसायिक परिसर)  करने पर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उपरोक्त कालोनाईजर को पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने नोटिस जारी किया हैै।

आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने नोटिस में कहा है कि कालोनाईजर  कंवर डेव्लपर्स को कालोनी के विकास की अनुमति नगर निगम द्वारा 27 अक्टूबर 2021 को जारी किया गया है। कालोनी विकास (व्यवसायिक परिसर) विकास अनुमति की शर्त बिन्दु क्रं. 19 अनुसार छ.ग. भू-संपदा विनियमन एवं विकास अधिनियम 2016 (रेरा) में पंजीयन कराया जाना है, किन्तु आज दिनांक तक आपके द्वारा रेरा का पंजीयन नहीं कराया गया है। जबकि रियल स्टेट सेक्टर के रेगुलेशन एवं क्रेताओं के हितों को संरक्षित करने के उद्देश्य से दिनांक 1 मई 2017 से भू-संपदा विनियम एवं विकास अधिनियम 2016 प्रभावशील है। इसमे वर्णित प्रावधानों के तहत राज्य में स्थित प्रत्येक चालू एवं नवीन रियल स्टेट प्रोजेक्ट का रेरा में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। प्राधिकरण द्वारा उक्त राजिस्ट्रेशन हेतु दिनांक 31 अगस्त 2018 तक विस्तारित किया गया है।

इस संबंध में आयुक्त डॉ. चतुर्वेदी ने कालोनाईजर श्री कंवर डेव्लपर्स को नोटिस में कहा कि राजिस्ट्रार भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण छ.ग. रायपुर (रेरा) में पंजीयन कराया जाकर पंजीयन की प्रमाणित छायाप्रति निगम कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करेंगे। इस संबंध में 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे। 

YOUR REACTION?

Facebook Conversations