कंगना रनोट को आजादी पर बोलना पड़ा भारी, पहले भी विवादित बयानों और पंगों से दर्जनों FIR हो चुकी हैं दर्ज
त्वरित खबरे

कंगना रनोट ने हाल ही में एक सार्वजनिक मंच में कहा है कि भारत को आजादी भीख में मिली है। उनके इस विवादित बयान का नतीजा ये रहा है कि 12 नवम्बर को राजस्थान के पांच शहरों में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की कई है। कंगना पर क्रांतिकारियों का अपमान करने और संविधान का मजाक उड़ाने के आरोप लगे हैं। कई लोगों ने तो कंगना को देशद्रोही का टैग दे दिया है। हालांकि ये पहली बार नहीं है जब कंगना विवादित बयान के चलते मुश्किल में फंसी हैं। इन पांच FIR से पहले भी कंगना के खिलाफ ऐसे कई केस दर्ज हो चुके हैं-

हिंसा भड़काने का आरोप

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद हुई हिंसा को लेकर कंगना को बयान देना भारी पड़ा था। कंगना ने कहा था, 'ये भयानक है, इस गुंडई को खत्म करने के लिए हमें इससे भी बड़े लेवल पर गुंडई दिखाने की ज़रूरत है। वो (ममता) एक दानव की तरह हैं जिसे खुला छोड़ दिया गया है। मोदी जी, उन्हें काबू करने के लिए कृपया अपना 2000 के दशक की शुरुआत वाला विराट रूप दिखाइए।' एक्ट्रेस का ये बयान सामने आने के बाद मई 2021 में तृणमूल कांग्रेस की प्रवक्ता ऋजु दत्ता ने कोलकाता के उल्टाडांगा थाने में कंगना के खिलाफ हेट स्पीच देने की शिकायत दर्ज कराई है।

किसानों को आतंकवादी कहना पड़ा भारी

पंजाब में कृषि बिल का विरोध कर रहे किसानों को कंगना ने आंतकवादी कहकर बुलाया था। इसके बाद कर्नाटक के तुमकुर की जेएमएफसी अदालत में कंगना के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किया गया था। एक्ट्रेस के खिलाफ यह केस आईपीसी के सेक्शन 44, 108, 153, 153 A और 504 के तहत दर्ज किया गया था।

उद्धव ठाकरे के लिए इस्तेमाल किए थे अपमानजनक शब्द

साल 2020 में बीएमसी ने कंगना के ऑफिस पर बुलडोजर चलवा दिया था। इस बात पर भड़कते हुए कंगना ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के लिए कई अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस पर विक्रोली थाने में कंगना के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

जावेद अख्तर ने किया था मानहानि का केस

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कंगना रनोट ने जावेद अख्तर पर कई संगीन आरोप लगाए थे। एक्ट्रेस ने कहा था कि जावेद ने उन्हें घर बुलाकर धमकी थी। बयान सामने के बाद जावेद ने अपने वकील निरंजन मुंदर्गी के जरिए 2 नवंबर 2020 को एक प्राइवेट शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने एक्ट्रेस कंगना रनोट के खिलाफ इंडियन पैनल कोड के सेक्शन 499 (मानहानि) और सेक्शन 500 (मानहानि के लिए सजा) के तहत आरोप लगाए थे।

मणिकर्णिका की कहानी चुराने का आरोप

किताब 'दिद्दा: द वारियर क्वीन ऑफ कश्मीर' के लेखक आशीष कौल ने एक्ट्रेस कंगना रनौत के खिलाफ कथित जालसाजी का मामला दर्ज करवाया था। कंगना के अलावा उनकी बहन रंगोली चंदेल, भाई अक्षत रनोट और प्रोड्यूसर कमल कुमार जैन के खिलाफ भी खार पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। कंगना ने जनवरी में 'मणिकर्णिका रिटर्न्स- द लीजेंड ऑफ दिद्दा' बनाने का ऐलान किया था। उसे लेकर ही आशीष ने मुंबई मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। मजिस्ट्रेट के आदेश पर भारतीय दंड संहिता की धारा 405 (आपराधिक विश्वासघात), 415 (जालसाजी), 120 बी (आपराधिक साजिश) और कॉपीराइट कानून के तहत FIR दर्ज की गई है।

ऋतिक ने किया था साइबर स्टॉकिंग और हैरेसमेंट का केस दर्ज

साल 2016 में कंगना ने खुलासा किया था कि वह ऋतिक रोशन को डेट कर रही थीं। फिल्म कृष 3 की शूटिंग के दौरान दोनों रिलेशनशिप में थे और ऋतिक ने उनसे शादी का वादा किया था लेकिन बाद में इस रिश्ते को अपनाने से इनकार कर दिया था। वहीं ऋतिक ने इन दावों को झूठा बताते हुए कंगना के खिलाफ साइबर स्टॉकिंग और हैरेसमेंट का केस दर्ज करवाया था। इसके बाद कंगना ने उन पर काउंटर केस किया था।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations