देश की सबसे बड़ी निजी विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइन (Indigo Airline) ने इतिहास रच दिया है. उसने एक वर्ष में 10 करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है. ऐसा कीर्तिमान बनाने वाली यह पहली भारतीय एयरलाइन बनी है. इसके साथ ही वह दुनिया की दिग्गज एयरलाइन्स में शामिल हो गई.
घरेलू बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी 61.8 फीसदी
आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर तक घरेलू बाजार में इंडिगो की हिस्सेदारी 61.8 फीसदी थी. इससे ठीक पीछे एयर इंडिया है, जिसकी बाजार हिस्सेदारी इंडिगो से छह गुना पीछे है. भारतीय बाजार में कोई भी कंपनी इंडिगो को टक्कर देने की स्थिति में भी नहीं है. हाल ही में कंपनी ने 500 एयरबस A320 खरीदने का ऑर्डर दिया था. इसके बाद कंपनी के बेड़े में 1000 से ज्यादा प्लेन हो जाएंगे.
इंडिगो एयरलाइन ने 6 महीने में 20 इंटरनेशनल रूट जोड़े
इंडिगो ने पिछले छह महीने में 20 नए इंटरनेशनल रूट पर अपनी उड़ान शुरू कीं. इसके साथ ही डोमेस्टिक रूट्स पर भी कंपनी ने अपनी पहुंच बढ़ाई है. इंडिगो जल्द ही इंडोनेशिया के बाली और सउदी अरब के मदीना के लिए अपनी फ्लाइट्स शुरू करने वाले है.
कर्मचारियों को किया धन्यवाद
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कहा कि हम इस उपलब्धि को हासिल कर बहुत खुशी महसूस कर रहे हैं. यह इंडिगो के लिए लोगों के प्यार और भरोसे को दर्शाता है. इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए हमारे कर्मचारियों ने जो कड़ी मेहनत की, उसके लिए हम उनका शुक्रिया अदा करते हैं. आगे भी इंडिगो लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहेगी.

Facebook Conversations