भिलाई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर दुर्ग पुलिस ने "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की भावना के साथ सोमवार को सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के पीछे मैदान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लेना रहा।
कार्यक्रम में दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।
इस अवसर पर आईजी अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे तो स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कहा कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण उससे भी अधिक आवश्यक है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।

Facebook Conversations